UP STF का बड़ा एक्शन, हत्यारा गैंग के 3 अपराधी बाराबंकी में अवैध हथियार खरीदते गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने मंगलवार को लखनऊ के किराए पर हत्या करने वाले कुख्यात एवं पंजीकृत डी-34 शुभम रावत उर्फ मोनू गैंग के तीन अपराधियों को जनपद बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। ये अपराधी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे थे।

गिरफ्तार किए गए अपराधी उस समय पकड़े गए जब वे बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र में सफेदाबाद क्रॉसिंग के पास प्राथमिक विद्यालय धमसारी के नजदीक असलहा तस्कर से मिल रहे थे।

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान अजय यादव उर्फ प्रिंस गढ़ी संजरखान, मलीहाबाद, लखनऊ (असलहा तस्कर), कृष्ण रावत तेज किशन खेड़ा, काकोरी, लखनऊ, रामकेश लोधी तेज किशन खेड़ा, काकोरी, लखनऊ (D-34 गैंग सदस्य) के रूप में हुई है। इनके पास से 2 पिस्टल मय मैगज़ीन (7.65 mm), 1 तमंचा (315 बोर), 8 ज़िंदा कारतूस (7.65 mm), 4 मोबाइल फोन और 1 पिट्लू बैग और 1 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

क्यों थी हथियारों की ज़रूरत

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार किए गए कृष्ण रावत और रामकेश लोधी ने पूछताछ में बताया कि वे लंबे समय से अपराध में लिप्त हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। उन्होंने खुलासा किया कि पिछले साल उन्होंने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर पैसा लेकर काकोरी के एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख के काफिले पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें ब्लॉक प्रमुख घायल हुआ था, जबकि उनका एक साथी मारा गया था।

उस घटना के बाद पूरा गिरोह पकड़ा गया था और उनके कई हथियार जब्त हो गए थे। जेल से छूटने के बाद, उन्हें लूटपाट और सुपारी लेकर हत्या के लिए नए हथियारों की ज़रूरत थी, जिसके लिए वे असलहा तस्कर अजय यादव उर्फ प्रिंस के संपर्क में थे। वे अपने साथी रिंकू की ब्रेजा कार से हथियार खरीदने आए थे।

रामकेश लोधी और कृष्ण रावत लखनऊ के कुख्यात D-34/24 गैंग के सदस्य होने के साथ-साथ जनपद लखनऊ के घोषित जिला बदर अपराधी भी हैं, जिनके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर और जानलेवा हमला सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

एसटीएफ की टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इन अपराधियों को दबोच लिया। इनके खिलाफ बाराबंकी के कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: श्रीगंगानगर में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौके पर मौत, 2 गंभीर घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.