UP STF का गोंडा में बड़ा एक्शन, 50 हजार का इनामी गो-तस्कर अबू हंजाला गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की लखनऊ यूनिट ने शनिवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गोंडा जिले से खूंखार अपराधी अबू हंजाला को गिरफ्तार किया है। अबू हंजाला पर गोंडा पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह जनवरी 2025 से ही गोवंश तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहा था।
कठौआपुल के पास हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि जौनपुर का रहने वाला अबू हंजाला गोंडा के करनैलगंज इलाके में किसी काम से आने वाला है। सटीक लोकेशन मिलते ही एसटीएफ के उप-निरीक्षक अमित कुमार तिवारी और उनकी टीम ने मोहम्मदपुर गड़वार पुल के पास घेराबंदी की और दोपहर करीब 1:50 बजे उसे दबोच लिया।
क्या था मामला?
पूछताछ के दौरान अबू हंजाला ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि जनवरी 2025 में वह अपने चार साथियों के साथ एक ट्रक में गोवंश लादकर बिहार के रास्ते बंगाल ले जा रहा था। जहांगीरवा क्रॉसिंग के पास पुलिस चेकिंग को देखकर उसने भागने की कोशिश की, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उस समय ट्रक से 14 जीवित और 5 मृत गोवंशीय पशु मिले थे। उसके साथी तो पकड़े गए, लेकिन अबू हंजाला मौके से भाग निकला था और तब से अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
गैंगस्टर और लुटेरा भी है हंजाला
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। वह केवल पशु क्रूरता ही नहीं, बल्कि लूट और चोरी के मामलों में भी शामिल रहा है। अयोध्या के विभिन्न थानों (खंडासा, गोसाईगंज, बीकापुर) में उस पर लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अयोध्या के गोसाईगंज थाने से उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। एसटीएफ ने अबू हंजाला को करनैलगंज थाने में दाखिल कर दिया है, जहाँ से स्थानीय पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
Also Read: Jaunpur News: सड़े हुए अंडों की आड़ में हो रही थी शराब की तस्करी, UP STF ने 2 तस्कर किए गिरफ्तार

