UP STF का सुल्तानपुर में बड़ा एक्शन, 50 हजार का इनामी दशरथ सिंह गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी एसटीएफ ने सोमवार को सुल्तानपुर जनपद के थाना हलियापुर क्षेत्र से एक शातिर अपराधी दशरथ सिंह उर्फ प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। दशरथ सिंह पर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट के मामले में 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

एसटीएफ मुख्यालय, लखनऊ की टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए सुल्तानपुर में सक्रिय थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी की टीम को सूचना मिली कि हलियापुर थाने का वांछित इनामी अपराधी अपने गांव के पास देखा गया है। एसटीएफ ने घेराबंदी कर आम घाट पुराना पुल मार्ग के पास से दोपहर करीब 01:40 बजे उसे दबोच लिया।

दुस्साहस की कहानी: पुलिस को पीटा और छीन ली पिस्टल

पूछताछ के दौरान दशरथ सिंह ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है। उसने बताया कि 20 नवंबर 2025 को अयोध्या की कुमारगंज पुलिस उसके बेटे आदर्श सिंह को गिरफ्तार करने घर पहुंची थी। बेटे को छुड़ाने के लिए दशरथ सिंह, उसकी पत्नी, दो बेटों और बेटी ने मिलकर पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और गड़ासे से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसके छोटे बेटे अखिलेश सिंह ने पुलिस की सरकारी पिस्टल छीन ली। परिवार ने पुलिस वालों के मोबाइल भी छीन लिए थे ताकि वे मदद के लिए किसी को फोन न कर सकें। इस हमले के बाद से ही पूरा परिवार फरार था। दशरथ सुल्तानपुर में अपनी पत्नी और बच्चों को कानूनी मामले से छुड़ाने की जुगत लगाने आया था, तभी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया।

अपराध की दुनिया का पुराना चेहरा

गिरफ्तार दशरथ सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुल्तानपुर और अयोध्या के थानों में मारपीट, धमकी, एससी/एसटी एक्ट और गुंडा एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने उसे थाना हलियापुर में दाखिल कर दिया है, जहाँ स्थानीय पुलिस उसके पास से छीनी गई पिस्टल की बरामदगी और परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

Also Read: फतेहपुर में BLO की आत्महत्या पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- भाजपा को लगेगा इस पाप का महापाप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.