UP: 64 किलो अवैध गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 64 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ की यह सफलता चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र में बचुआ फरीदहा-यूपी-बिहार हाईवे पर मिली। गिरफ्तार आरोपी, जिनकी पहचान जोसन उर्फ़ जॉन और आकाश कुमार के रूप में हुई है, दोनों मेरठ के निवासी हैं।
ओडिशा-आंध्र प्रदेश से सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह ओडिशा और आंध्र प्रदेश से अवैध गांजा खरीदता था और उसे उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में सप्लाई करता था। तस्करी के लिए ये अपराधी फर्जी नंबर प्लेट लगी वैन, ट्रकों और अन्य वाहनों का इस्तेमाल करते थे। पकड़े गए तस्कर मुख्य रूप से मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली NCR में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर गांजे की सप्लाई करते थे। यह गिरोह काफी समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था।
संयुक्त कार्रवाई में दबोचा
एसटीएफ को लंबे समय से इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के बारे में सूचना मिल रही थी कि मध्य प्रदेश की सीमा के रास्ते गांजे की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद, लखनऊ एसटीएफ टीम ने वाराणसी यूनिट के साथ मिलकर संयुक्त घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को एक बिना नंबर की वैन के साथ रंगे हाथों धर दबोचा।
आरोपियों के खिलाफ थाना चकिया, जनपद चंदौली में NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की तलाश में गहनता से जुटी हुई है।
Also Read: Lucknow News: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, रिवॉल्वर, कार और मोबाइल बरामद

