UP News: बाढ़ में डूबे गांव, मंत्री जी बोले- ‘गंगा मैया पैर धोने आती हैं’, VIDEO वायरल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में बाढ़ का संकट गहराया हुआ है और इसी बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का एक विवादित बयान चर्चा में है।

बाढ़ प्रभावित इलाके में दौरा करने पहुंचे मंत्री जी ने पीड़ितों से मुलाकात के दौरान कहा – “गंगा मैया तो गंगा पुत्र के पैर धोने आती हैं और दर्शन मात्र से स्वर्ग का द्वार खुलता है।” उनका यह बयान कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बाढ़ की तबाही, मंत्री की ‘आध्यात्मिक सलाह’

संजय निषाद कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित गांवों का जायजा लेने पहुंचे थे। जहां लोगों ने उन्हें बताया कि उनके घर गिर चुके हैं, खेत डूब चुके हैं, और रहने की जगह तक नहीं बची है। इस पर मंत्री ने जवाब दिया –

“आपको तो सौभाग्य मानना चाहिए, गंगा मैया आपके दर्शन देने आई हैं।”

हैरानी की बात यह भी रही कि स्थानीय लोगों ने दबी ज़ुबान में यह भी कहा कि भोगनीपुर में गंगा नहीं बल्कि यमुना नदी बहती है, ऐसे में मंत्री का ‘गंगा मैया’ वाला बयान तथ्यात्मक रूप से भी गलत साबित हुआ।

इसी दौरान एक अन्य नेता ने एक बुज़ुर्ग महिला से कहा – “यह तो सौभाग्य की बात है कि यमुना मैया दर्शन देने आती हैं।” इस पर महिला ने तंज कसते हुए कहा – “तो आप भी यहीं रह जाओ, रोज दर्शन किया करो!” यह जवाब भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

सरकार की तैयारियां और जमीनी हालात

राज्य के कई जिलों में गंगा, यमुना, सरयू जैसी नदियां उफान पर हैं। भोगनीपुर सहित दर्जनों गांव जलमग्न हैं।

  • घरों में पानी घुस चुका है

  • दर्जनों मवेशी बह गए

  • सैकड़ों एकड़ फसल तबाह हो चुकी है

सरकार ने ‘टीम 11’ के ज़रिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों को ग्राउंड पर पहुंचने के आदेश दिए गए हैं।

मंत्री संजय निषाद ने भी नाव से इलाके का निरीक्षण किया और राहत सामग्री का वितरण किया, लेकिन उनका बयान संकट में घिरे लोगों के जख्मों पर नमक जैसा महसूस हुआ।

Also Read: Ayodhya News: नौ अस्पतालों में स्टेमी केयर की सुविधा, 30 गंभीर मरीजों को मिला जीवनरक्षक इंजेक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.