Lucknow News: यूपी में अब 6 मार्च तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां, जानें कब आएगी फाइनल लिस्ट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन के लिए समय-सीमा को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। अब प्रदेशवासी 6 मार्च, 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। पहले कम समय होने के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रक्रियाओं को पूरा नहीं कर पा रहे थे, जिसे देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिनवा ने नई समय-सारणी जारी की है।
महत्वपूर्ण तारीखें और नई व्यवस्था
दावे और आपत्तियां: अब 6 मार्च तक की जा सकेंगी।
नोटिस पर सुनवाई: 27 मार्च तक चलेगी।
अंतिम मतदाता सूची (Final Roll): इसका प्रकाशन अब 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
बूथ पर मौजूद रहेंगे अधिकारी: अब हर दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अधिकारी बूथ पर बैठेंगे। कुल 8,990 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) सुनवाई के लिए तैनात किए गए हैं।
वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया है। अब तक कुल 2.89 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा चुके हैं। कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस भेजा जाना है। इसमें वे लोग शामिल हैं जिनका डेटा 2003 की पुरानी लिस्ट से मैच नहीं हो रहा है या जिनकी जानकारी में गड़बड़ियां मिली हैं। अब तक 2.37 करोड़ नोटिस जारी हो चुके हैं, जिनमें से 86 लाख से अधिक लोगों तक पहुँच चुके हैं। हालांकि, अभी भी सुनवाई की रफ्तार धीमी है, जिसे तेज करने के लिए ही समय बढ़ाया गया है।
सीईओ नवदीप रिनवा ने बताया कि यूपी में नए वोटर बनने के लिए लोगों में काफी जोश है। हर दिन करीब 2.5 से 3 लाख लोग फॉर्म-6 (नया वोटर बनने का फॉर्म) भर रहे हैं। अकेले 5 फरवरी को रिकॉर्ड 3.51 लाख आवेदन प्राप्त हुए। आयोग का विशेष फोकस उन महिलाओं और युवाओं पर है जो अभी भी मतदाता सूची से बाहर हैं।
Also Read: लखनऊ के नामी स्कूलों और क्लबों में कोकीन सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, STF ने 5 को दबोचा

