Lucknow News: वक्फ मुतवल्लियों को बड़ी राहत, उम्मीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 6 महीने बढ़ी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड से जुड़े मुतवल्लियों और संस्थाओं को एक बड़ी राहत मिली है। वक्फ ट्रिब्यूनल ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अनुरोध पर एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए, वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण के लिए उम्मीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि को छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। पहले यह अंतिम तिथि 6 दिसंबर 2025 थी, जिसे अब बढ़ाकर 5 जून 2026 कर दिया गया है।
सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष जुफर फारूखी ने बताया कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में हितधारक, मुतवल्ली और संस्थाएं अपने दस्तावेज अपलोड कर रहे हैं। हालाँकि, तकनीकी चुनौतियों, ज़रूरी दस्तावेजों के संकलन में लगने वाले समय और कई समितियों द्वारा प्रक्रिया पूरी न कर पाने के कारण बोर्ड ने वक्फ ट्रिब्यूनल से समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। जुफर फारूखी ने इस राहत के लिए वक्फ ट्रिब्यूनल की सराहना की।
76 हजार प्रॉपर्टी हुई हैं दर्ज, अब चलेगी मुहिम
जुफर फारूखी ने जानकारी दी कि ‘उम्मीद’ पोर्टल पर बोर्ड की कुल 1,24,000 संपत्तियों में से अब तक केवल 76,000 वक्फ ही दर्ज हो पाई थीं। उन्होंने कहा कि यह पंजीकरण वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य प्रदेश की सभी वक्फ संपत्तियों का सही रिकॉर्ड तैयार करना है ताकि भविष्य में अतिक्रमण या दुरुपयोग को रोका जा सके। जुफर फारूखी ने घोषणा की कि वक्फ बोर्ड के कर्मचारी और मुतवल्ली इन अगले छह महीनों में नए सिरे से एक मुहिम चलाकर हर एक संपत्ति को दर्ज करवाएंगे।

इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया ने किया स्वागत
इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने भी इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 6 महीने का समय बढ़ना एक बड़ी सफलता है और उन्होंने सभी मुतवल्लियों से अपील की कि वे इस अतिरिक्त समय का उपयोग कर अपनी सभी संपत्तियों को जल्द से जल्द दर्ज करा लें।
Also Read: नेपाल में बड़ा संवैधानिक बदलाव संभव, जेन-जी आंदोलन के दबाव में प्रमुख पदों पर कार्यकाल सीमा तय होगी

