UP Weather Update: मौसम का उतार-चढ़ाव जारी, 20 जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी लखनऊ में आज सुबह हल्की बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लखनऊ के साथ-साथ अवध के कुछ अन्य जिलों में भी मौसम ने करवट ली और हल्की बूंदाबांदी हुई।
हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश में तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। बीते कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं और छिटपुट बूंदाबांदी के बाद अब धूप और गर्म हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने के कारण अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और धीरे-धीरे पारे में वृद्धि दर्ज की जाएगी। ऐसे में प्रदेश के लोगों को अब मई की तीखी गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और वेदर सिस्टम का असर अब सिमट गया है। प्रदेश के तराई और कुछ पश्चिमी जिलों को छोड़कर बाकी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की उछाल आ सकती है।
मौसम विभाग ने आज बृहस्पतिवार को प्रदेश के तराई और पश्चिमी हिस्सों समेत लगभग 20 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बिजनौर, अमरोहा, और मुरादाबाद व आसपास के इलाके शामिल हैं। राजधानी लखनऊ में बुधवार को धूप और उमस भरी गर्मी का अनुभव हुआ। पूर्वा हवाओं की गति भी घटकर 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक आ गई।
Also Read: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर क्रैश, पांच लोगों की दर्दनाक मौत, दो की हालत…

