यूपी में कोहरे से हादसे रोकने की तैयारी, हाईवे पर तैनात होंगे पेट्रोलिंग वाहन और एंबुलेंस
Yogi Government: उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना संभावित स्थानों के आसपास पेट्रोलिंग वाहन, एंबुलेंस और रेस्क्यू वाहन पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य हादसे की स्थिति में घायलों को तुरंत मदद और समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने और कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल दूर करने को भी कहा है।
हाईवे पर संकेतक और सफेद पट्टियां होंगी दुरुस्त
राहत आयुक्त ने हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लगे रिफ्लेक्टिव चिह्नों, कैट्स आई, दिशासूचक बोर्ड और अन्य यातायात संकेतकों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। सड़क की किनारों की बॉर्डर लाइन और बीच की सफेद पट्टियों को भी स्पष्ट रखा जाएगा।
धूल से ढकी, मिट चुकी या उखड़ी हुई पट्टियों का तत्काल नवीनीकरण कराया जाएगा। इससे घने कोहरे और कम दृश्यता के दौरान वाहन चालकों को सड़क की सीमा और दिशा समझने में आसानी होगी।
प्रमुख चौराहों, तिराहों, क्रॉसिंग, मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग और यातायात संकेतकों को दुरुस्त रखा जाएगा। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक और गति सीमा से जुड़े बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और संभावित खतरों की जानकारी समय रहते मिल सके।
अनफिट और असुरक्षित वाहनों पर होगी कार्रवाई
राहत आयुक्त ने निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले अनफिट वाहनों और जुगाड़ से बनाए गए असुरक्षित वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से जांच और प्रवर्तन कार्रवाई करेंगे। इसका मकसद असुरक्षित वाहनों के कारण होने वाले संभावित हादसों को रोकना है।
इसके साथ ही सड़क हादसों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। वाहन चालकों को फॉग लाइट और रिफ्लेक्टिव टेप का इस्तेमाल करने, आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने और गति नियंत्रित रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा। सड़क पर लगे चेतावनी संकेतकों और निर्धारित गति सीमा का पालन करने पर भी जोर रहेगा।
घने कोहरे में सावधानी बरतने की अपील
राहत आयुक्त ने आगामी दिनों में घने कोहरे के दौरान दृश्यता के अनुसार वाहनों की गति नियंत्रित रखने और जरूरत के मुताबिक यातायात प्रबंधन के उपाय अपनाने पर जोर दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क सुरक्षा के सभी इंतजामों की नियमित जांच करने और कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।
आमजन और वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि अत्यधिक कोहरे में विशेष सावधानी बरतें। कम दृश्यता के दौरान फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, सुरक्षित गति बनाए रखें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें। तेज रफ्तार और कम दूरी हादसों का जोखिम बढ़ा सकती है। ऐसे में वाहन चालक परिस्थितियों के अनुकूल ही वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

