स्मार्टफोन और इंटरनेट के बिना भी होगा UPI Payment, PhonePe ने लॉन्च किया UPI 123Pay
PhonePe UPI 123Pay: UPI पेमेंट अब सिर्फ स्मार्टफोन और इंटरनेट तक सीमित नहीं रहेगा। PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सर्विस लॉन्च की है। इसके जरिए कीपैड वाले मोबाइल से भी बिना मोबाइल इंटरनेट के UPI Payment किया जा सकेगा।
कंपनी के मुताबिक, इस सुविधा का लक्ष्य देश के 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स को डिजिटल पेमेंट से जोड़ना है। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों और छोटे शहरों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है।
सबसे खास बात यह है कि UPI 123Pay सिर्फ पैसे भेजने तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए यूजर मोबाइल नंबर या UPI ID पर पैसे भेजने, बैंक बैलेंस चेक करने और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखने जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
बिना इंटरनेट कैसे चलेगा UPI?
PhonePe UPI 123Pay को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसके लिए मोबाइल इंटरनेट (Mobile Internet) की जरूरत नहीं होगी। यह SMS आधारित आर्किटेक्चर का इस्तेमाल करता है, इसलिए सीमित 2G कनेक्टिविटी वाले इलाकों में भी इसे इस्तेमाल किया जा सकेगा।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बिना किसी मोबाइल नेटवर्क के पेमेंट हो जाएगा। सुविधा का मतलब केवल इतना है कि मोबाइल डेटा या इंटरनेट के बिना UPI Payment किया जा सकेगा।
फीचर फोन यूजर किसी व्यक्ति के मोबाइल नंबर या UPI ID पर पैसे भेज सकेंगे। कैमरा वाले चुनिंदा फीचर फोन में QR Code Scan करके Scan & Pay का विकल्प भी मिलेगा।
Nokia, Lava और itel के इन फोन में मिलेगा फीचर
PhonePe ने इस सुविधा को कुछ फीचर फोन निर्माताओं के साथ मिलकर उपलब्ध कराया है। Nokia, HMD, Lava और itel के चुनिंदा फीचर फोन में UPI 123Pay प्री-बंडल्ड मिलेगा।
इसका मतलब है कि इन सपोर्टेड डिवाइस में यूजर को स्मार्टफोन की तरह अलग से ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी।
ऐसे करें UPI 123Pay का रजिस्ट्रेशन
सर्विस का रजिस्ट्रेशन भी सीधे सपोर्टेड फीचर फोन से किया जा सकेगा। इसके लिए यूजर को फोन में मौजूद PhonePe ऐप खोलना होगा और फिर:
- Terms & Conditions स्वीकार करनी होंगी।
- अपना बैंक चुनना होगा।
- डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और Expiry Date दर्ज करनी होगी।
- इसके बाद UPI PIN सेट करना होगा।
UPI PIN सेट होने के बाद UPI ID एक्टिव हो जाएगी और यूजर पेमेंट कर सकेगा।
मोबाइल नंबर या UPI ID से भेज सकेंगे पैसे
पैसे भेजने के लिए PhonePe ऐप में Pay to Mobile Number या Pay to UPI ID विकल्प चुनना होगा। इसके बाद सामने वाले का मोबाइल नंबर या UPI ID डालकर रकम दर्ज करनी होगी।
पेमेंट की जानकारी जांचने के बाद UPI PIN डालना होगा। ट्रांजैक्शन सफल होने पर स्क्रीन पर कन्फर्मेशन दिखाई देगा। वहीं, कैमरा वाले सपोर्टेड फीचर फोन में QR Code Scan करके भी पेमेंट किया जा सकेगा।
Also Read: जोमैटो ने नकली डेयरी प्रोडक्ट वाले व्यंजनों पर लगाई रोक, मेन्यू से हटाए गए आइटम

