बरेली में पोस्टर विवाद पर बवाल, जुमे की नमाज के बाद लाठीचार्ज, मौलाना तौकीर रजा ने किया था ये ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद तनाव गहरा गया। इंडियन मुस्लिम पर्सनल लॉ काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बाद सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने किया बल प्रयोग

मौलाना तौकीर रजा के विरोध प्रदर्शन के ऐलान के चलते पुलिस-प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर था। इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर क्षेत्र को सुबह से ही पुलिस छावनी में बदल दिया गया था और संवेदनशील इलाकों में भारी बैरिकेडिंग के साथ हजारों की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग पोस्टर और बैनर लेकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करने लगे। जब प्रदर्शनकारी भीड़ नहीं मानी और बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगी, तो पुलिस ने पहले उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लेकिन भीड़ के बेकाबू होने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और लाठीचार्ज कर दिया गया। लाठीचार्ज के बाद कुछ ही मिनटों में सैकड़ों की संख्या में जमा हुए लोग तितर-बितर हो गए।

श्यामगंज में तनाव, दुकानें बंद कराई गईं

विरोध प्रदर्शन के दौरान श्यामगंज इलाके में प्रदर्शनकारियों और एसपी क्राइम के बीच नोकझोंक होने की भी खबर है। माहौल को तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने एहतियातन श्यामगंज में दुकानें बंद करा दीं। इसके अलावा, नौमहला मस्जिद के बाहर भी बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने तितर-बितर किया।

यह विरोध प्रदर्शन ‘आई लव मोहम्मद’ मामले में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने के आह्वान के साथ किया गया था, जिसके लिए मौलाना तौकीर रजा ने सड़क पर उतरने का ऐलान किया था। फिलहाल, शहर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, लेकिन पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मुस्तैद हैं।

Also Read: Lucknow News: क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत, पुलिस महकमे में हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.