यूपी का डिजिटल कायाकल्प: लखनऊ और नोएडा में बसेगी ‘एआई सिटी’, सीएम योगी से मिले राजू वेगेसना
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को सिफी टेक्नोलॉजीज (Sify Technologies) के चेयरमैन राजू वेगेसना के साथ हुई बैठक में लखनऊ और नोएडा में आधुनिक ‘एआई सिटी’ (AI City) विकसित करने के रोडमैप पर सहमति बन गई है।
सिफी टेक्नोलॉजीज का बड़ा निवेश प्लान
बैठक में राजू वेगेसना ने मुख्यमंत्री को बताया कि उत्तर प्रदेश में कंपनी की निवेश योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। पिछले 5 वर्षों में कंपनी ने ₹12,000 करोड़ का निवेश किया है, जिसे अगले 3 वर्षों में दोगुना करने का लक्ष्य है।
लखनऊ में अत्याधुनिक एआई डाटा सेंटर जल्द शुरू होने वाला है, जिसके समीप एक विशाल हाइपरस्केल एआई परिसर बनेगा। यही परिसर प्रस्तावित एआई सिटी की रीढ़ साबित होगा। नोएडा में सिफी पहले से ही उत्तर भारत के सबसे बड़े एआई डाटा सेंटर ‘नोएडा-02’ का संचालन कर रही है।
एआई सिटी का उद्देश्य और प्रभाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई सिटी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा एआई के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, विनिर्माण (Manufacturing) और शासन में पारदर्शिता व गति आएगी। इन शहरों के विकास से हजारों तकनीकी विशेषज्ञों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
सिफी के साथ गूगल, मेटा और ओरेकल जैसी दिग्गज वैश्विक कंपनियां जुड़ी हैं, जिससे यूपी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। लखनऊ में एचसीएल टेक (HCL Tech) जैसी कंपनियों की मौजूदगी पहले से है, जो एआई सिटी के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वस्थ डिजिटल आधारभूत संरचना ही सशक्त प्रदेश की पहचान है। लखनऊ और नोएडा की एआई सिटीज उत्तर प्रदेश के डिजिटल भविष्य को नई दिशा देंगी।
Also Read: लखनऊ मेट्रो: ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के पास नक्शा पास करने पर रोक, अब UPMRC की NOC अनिवार्य

