Lucknow News: सिलेबस से बाहर आए सवाल, मेहनत पर फिरा पानी, ANM अभ्यर्थियों ने की परीक्षा रद्द करने की मांग
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के बाहर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। 5272 पदों पर हो रही स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ANM) भर्ती परीक्षा में आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न पूछे जाने का आरोप लगाते हुए एक हजार से ज्यादा महिला अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आईं।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने गोमती नगर स्थित पिकअप भवन (आयोग कार्यालय) का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
सीएम आवास की ओर कूच: आक्रोश इतना ज्यादा था कि कुछ अभ्यर्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने उनके आवास की ओर बढ़ गए।
पुलिस की मुस्तैदी: गौतमपल्ली पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोककर समझाने की कोशिश की और उनकी मांगों को सुना। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। अभ्यर्थियों का दावा है कि 11 जनवरी 2026 को आयोजित हुई परीक्षा में आयोग ने अपने ही बनाए नियमों की धज्जियां उड़ा दीं।
आउट ऑफ सिलेबस: अभ्यर्थियों का आरोप है कि सिलेबस में जिक्र न होने के बावजूद सामान्य ज्ञान (GK) और कंप्यूटर से जुड़े 35 से 40 सवाल पूछ लिए गए।
मेहनत बेकार: प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा, हमने महीनों तक नर्सिंग और तय सिलेबस के हिसाब से पढ़ाई की, लेकिन परीक्षा में कुछ और ही आ गया। इससे पूरी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा हो गया है।
अभ्यर्थियों की मुख्य मांगें
ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं।
उच्चस्तरीय जांच: GK और कंप्यूटर के प्रश्नों के शामिल किए जाने की जांच हो।
परीक्षा निरस्त हो: इस परीक्षा को तुरंत रद्द किया जाए क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है।
दोबारा परीक्षा: पारदर्शी तरीके से नए सिरे से री-एग्जाम की तारीख घोषित की जाए।

