अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और तेजस्वी सूर्या की खास मुलाकात, ऑटो में की सवारी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर इन दिनों बेंगलुरु के दौरे पर हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के साथ न केवल द्विपक्षीय संबंधों पर गंभीर चर्चा की, बल्कि शहर की संस्कृति और स्वाद का भी जमकर आनंद लिया।

सांसद तेजस्वी सूर्या ने राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत इंदिरानगर में एक कैजुअल ब्रेकफास्ट के साथ किया। दोनों नेताओं ने दक्षिण भारतीय जायके (मसाला डोसा और फिल्टर कॉफी) का लुत्फ उठाते हुए भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, तकनीक और नवाचार (इन्नोवेशन) पर गहराई से बात की।

तेजस्वी सूर्या ने इस मुलाकात को खास बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, बेंगलुरु सच में मसाला डोसा से मशीन लर्निंग तक के सफर को बखूबी दिखाता है। यह शहर परंपरा और आधुनिक नवाचार का संगम है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बेंगलुरु भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों का केंद्र है, क्योंकि 700 से ज्यादा अमेरिकी कंपनियां यहाँ मौजूद हैं और भारत का 43% सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट यहीं से होता है।

मुलाकात की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि दोनों नेताओं ने शहर के ट्रैफिक और स्थानीय जीवन का अनुभव लेने के लिए ‘ऑटो’ से सफर किया। तेजस्वी सूर्या ने ऑटो राइड का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह राजदूत का स्वागत करते हुए कह रहे हैं, राजदूत, भारत के सबसे बेहतरीन शहर बेंगलुरु में आपका स्वागत है। जवाब में अमेरिकी राजदूत ने सूर्या को एक शानदार ‘होस्ट’ बताते हुए आभार जताया।

राजदूत सर्जियो गोर भी बेंगलुरु की ऊर्जा के कायल नजर आए। उन्होंने खाने की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, स्टार्टअप से लेकर स्ट्रीट फूड तक, बेंगलुरु की एनर्जी का कोई मुकाबला नहीं है। मुझे पहली बार शहर के दर्शन कराने के लिए शानदार होस्ट को धन्यवाद।

Also Read: बांग्लादेश में नई सरकार का आगाज, सांसदों ने ली शपथ, शाम को तारिक रहमान बनेंगे प्रधानमंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.