मुंबई में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास को बम से उड़ाने की धमकी भरा फोन कॉल आया। धमकी मिलते ही बीकेसी स्थित दूतावास कार्यालय में हलचल मच गई और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बीकेसी पुलिस स्टेशन और बम निरोधक दस्ते को सतर्क किया। सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। मुंबई पुलिस ने जानकारी दी कि धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी पहचान करने के प्रयास जारी हैं। इस धमकी के बाद पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पहले भी मिल चुकी है झूठी धमकी
इससे पहले 31 मई को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। होटल के कस्टमर केयर नंबर पर किसी अज्ञात शख्स ने कॉल कर कहा था कि होटल में बम रखा गया है और 10 मिनट के भीतर विस्फोट हो जाएगा। होटल प्रबंधन ने तुरंत वाकोला पुलिस स्टेशन को सूचित किया, जिसके बाद बम स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों की छानबीन के बावजूद कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में यह धमकी भी झूठी साबित हुई।
पुलिस कर रही है गहन जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों मामलों में एक जैसी भाषा और तरीका इस्तेमाल किया गया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इन धमकियों के पीछे कोई एक ही शख्स हो सकता है या किसी शरारती तत्व का हाथ हो सकता है। पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है।
Also Read: ट्रंप की ईरान को चेतावनी, बोले- हम पर हमला किया तो अमेरिकी सेना का ऐसा पलटवार होगा जो कभी नहीं देखा

