US-Iran Conflict: ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर ट्रम्प ने टाली सैन्य कार्रवाई, युद्ध विराम के संकेत

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका-ईरान युद्ध (US-Iran Conflict) के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में युद्ध समाप्त करने को लेकर “बेहद अच्छे और उत्पादक” बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि ये चर्चाएं मध्य पूर्व में जारी टकराव को पूरी तरह खत्म करने के उद्देश्य से की गई हैं।

5 दिन के लिए टली हमले की योजना

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि दोनों देशों के बीच गहन, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत हुई है। उन्होंने इन चर्चाओं के “टोन और दिशा” को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे समाधान की उम्मीद जगी है।

ट्रंप ने बताया कि बातचीत के सकारात्मक संकेतों को देखते हुए उन्होंने रक्षा विभाग को ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर प्रस्तावित सैन्य हमले को फिलहाल टालने के निर्देश दिए हैं। यह देरी पांच दिनों के लिए होगी और यह आगे की बातचीत की सफलता पर निर्भर करेगी।

ट्रंप का यह बयान उनके एक दिन पहले दिए गए बयान से अलग है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर ईरान ने 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोला, तो अमेरिका उसके पावर प्लांट्स को तबाह कर देगा। अब नए बयान में उन्होंने सैन्य कार्रवाई को टालने की बात कही है।

US-Iran Conflict: ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर ट्रम्प ने टाली सैन्य कार्रवाई, युद्ध विराम के संकेत

ईरान ने बातचीत से किया इनकार

वहीं ईरान की ओर से एक सूत्र ने इन दावों को खारिज कर दिया है। ईरानी सूत्र ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच न तो सीधा संपर्क है और न ही किसी मध्यस्थ के जरिए बातचीत हो रही है। सूत्र के अनुसार, ट्रंप ने तब रुख बदला जब उन्हें पता चला कि ईरान पश्चिम एशिया के सभी पावर प्लांट्स को निशाना बना सकता है।

तेल कीमतों में आई बड़ी गिरावट

ट्रंप के इस ऐलान के बाद वैश्विक तेल बाजार में तेजी से प्रतिक्रिया देखने को मिली। तेल की कीमतों में 13 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड करीब 17 डॉलर यानी 15 प्रतिशत गिरकर 96 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट करीब 13 डॉलर यानी 13.5 प्रतिशत गिरकर 85.28 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।

तनाव कम होने की उम्मीद से राहत

तेल की कीमतों में आई गिरावट को बाजार ने संभावित तनाव में कमी के संकेत के रूप में देखा है। निवेशकों को उम्मीद है कि अगर बातचीत सफल रहती है तो क्षेत्र में तनाव कम हो सकता है, जिससे वैश्विक बाजारों पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

 

Also Read: सहारनपुर में ‘खाकी’ के सामने खूनी खेल, मेडिकल कराने आई युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लगी 3 गोलियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.