जेफरी एपस्टीन मामले पर बोले राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: जेफरी एपस्टीन मामले को लेकर अमेरिकी राजनीति में चल रही खींचतान के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। एयर फ़ोर्स वन विमान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस मामले में उनका नाम घसीटना बेबुनियाद है और वे पूरी तरह पाक-साफ हैं।
विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा, मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। मुझे इस मामले में पहले ही क्लीन चिट मिल चुकी है और जांच में सब साफ हो चुका है। मेरा एपस्टीन से कोई व्यक्तिगत या व्यावसायिक संबंध नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन पर लग रहे आरोप महज राजनीति से प्रेरित हैं।
एपस्टीन नहीं चाहता था कि मैं राष्ट्रपति बनूँ: ट्रंप
बातचीत के दौरान ट्रंप ने एक बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया कि एपस्टीन उनके राजनीतिक करियर को खत्म करना चाहता था। ट्रंप के मुताबिक हकीकत तो यह है कि जेफरी एपस्टीन किसी लेखक के साथ मिलकर मेरे खिलाफ साजिश रच रहा था। वह पूरी कोशिश में था कि मैं चुनाव न जीत पाऊं और राष्ट्रपति न बन सकूँ। वह मेरी जीत के खिलाफ लड़ रहा था।
क्या है जेफरी एपस्टीन मामला
जेफरी एपस्टीन एक हाई-प्रोफाइल अमेरिकी वित्तपोषक था, जिस पर नाबालिगों के यौन शोषण और तस्करी के गंभीर आरोप थे। साल 2019 में जेल के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी। एपस्टीन के दुनिया भर के अमीर और शक्तिशाली लोगों के साथ संबंध थे, जिसकी वजह से अक्सर कई बड़े नेताओं के नाम इस विवाद में उछलते रहते हैं।
हाल ही में एपस्टीन फाइल पारदर्शिता अधिनियम के तहत अमेरिकी न्याय विभाग ने करीब 30 लाख पन्नों के नए दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं। सरकार पर महीनों से दबाव था कि वह एपस्टीन के शक्तिशाली संपर्कों और लड़कियों के यौन शोषण से जुड़ी जानकारियों को दुनिया के सामने लाए। इसी खुलासे के बाद अमेरिका में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, जिस पर राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

