फंड बिल पास कराने में फंसे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, डेमोक्रेट्स ने नहीं दिया साथ

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक बार फिर सरकारी शटडाउन के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। फंड बिल को सीनेट से पास कराने के लिए उन्हें 100 सदस्यों वाले सीनेट में 60 वोटों की जरूरत थी, लेकिन वह इसमें नाकाम रहे। भले ही रिपब्लिकन पार्टी के पास सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स दोनों का नियंत्रण है, फिर भी फंड बिल पास कराने के लिए उनके पास सात वोटों की कमी है।

इस बिल को पास कराने के लिए ट्रंप को डेमोक्रेट सांसदों के समर्थन की जरूरत थी, लेकिन डेमोक्रेट्स पार्टी ने उनका साथ नहीं दिया। सोमवार को डेमोक्रेटिक नेताओं ने ट्रंप से मुलाकात की, पर यह बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई।

मुलाकात विफल होने के कुछ घंटों बाद ही, भड़के हुए ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक एआई-जनरेटेड वीडियो साझा किया, जिसमें सदन के अल्पसंख्यक नेता हकीम जेफ्रीज और सीनेट के अल्पसंख्यक नेता चक शूमर का मजाक उड़ाया गया। ट्रंप ने मंगलवार को भी डेमोक्रेट्स पर आरोप लगाना जारी रखा और कहा कि उन्होंने उन्हें जरा भी झुकते नहीं देखा।

शटडाउन होने पर कर्मचारियों को निकालने की धमकी

शटडाउन की स्थिति में, राष्ट्रपति ट्रंप ने संघीय कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की भी धमकी दी। उन्होंने कहा, जब आप इसे बंद करते हैं, तो आपको छंटनी करनी पड़ती है, हम बहुत से लोगों को नौकरी से निकाल देंगे। डेमोक्रेट्स इस साल की शुरुआत में पारित हुए बिग ब्यूटीफुल बिल में स्वास्थ्य सेवा में की गई कटौती को वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जिससे ट्रंप और डेमोक्रेट्स के बीच गतिरोध बना हुआ है। रिपब्लिकन पार्टी ने उनकी मांगों से असहमति जताते हुए 21 नवंबर तक फंडिंग बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया।

Also Read: फिलीपींस में भूकंप से भारी तबाही, अब तक 19 लोगों की मौत, बिजली गुल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.