अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बोले- ईरान पर हमले मुमकिन, लेकिन सालों तक नहीं उलझेगा अमेरिका

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्पष्ट कर दिया है कि ट्रंप प्रशासन मध्य पूर्व में किसी भी लंबे क्षेत्रीय संघर्ष में शामिल होने का इरादा नहीं रखता है। वाशिंगटन पोस्ट को दिए एक विशेष साक्षात्कार में वेंस ने कहा कि भले ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ कड़े सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हों, लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं है कि अमेरिका एक बार फिर इराक या अफगानिस्तान जैसे वर्षों तक चलने वाले युद्ध में फंसने जा रहा है।

जेडी वेंस ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए सैन्य हमले का विकल्प अभी भी मेज पर है, लेकिन वे स्वयं कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा, यह पूरी तरह ईरानी शासन के व्यवहार पर निर्भर करता है। हम सालों-साल बिना किसी अंत के युद्ध में उलझे रहें, इसकी कोई संभावना नहीं है।

अमेरिका फर्स्ट की विदेश नीति पर जोर

पूर्व मरीन सैनिक रहे 41 वर्षीय वेंस ने अपनी विदेश नीति को लेकर पुरानी सोच दोहराई। उन्होंने कहा कि वे शुरू से ही विदेशी सैन्य हस्तक्षेपों के विरोधी रहे हैं और राष्ट्रपति ट्रंप की सोच भी यही है। वेंस के मुताबिक, ट्रंप एक अमेरिका फर्स्ट राष्ट्रपति हैं, जो केवल अमेरिकी जनता के हित में फैसले लेते हैं। अमेरिका अब अतीत की उन गलतियों को नहीं दोहराएगा, जहाँ उसने बेवजह के युद्धों में अपने संसाधन गंवाए।

इजरायल के मुद्दे पर वेंस ने एक संतुलित रुख अपनाया। उन्होंने इजरायल को अमेरिका का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक सहयोगी बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि रिपब्लिकन पार्टी के भीतर इजरायल को लेकर संदेह रखने वाली आवाजों को भी सुना जाना चाहिए। उनके अनुसार, यह चर्चा भविष्य की राजनीति के लिए बेहद आवश्यक है।

जिनेवा वार्ता और सत्ता परिवर्तन का संकेत

एक तरफ जहाँ वेंस युद्ध से बचने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिनेवा में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता बेनतीजा रही है। दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रपति ट्रंप सार्वजनिक रूप से ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को सत्ता से हटाने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने हाल ही में पत्रकारों से कहा था कि ईरान में ‘सत्ता परिवर्तन’ (Regime Change) सबसे अच्छी बात होगी।

Also Read: इलाहाबाद है भाई, भांग का नशा उतरने में टाइम लगेगा: CJI Suryakant

Get real time updates directly on you device, subscribe now.