राष्ट्रपति ट्रंप की पुतिन को कड़ी चेतावनी, कहा- 50 दिनों में यूक्रेन युद्ध का कोई समाधान नहीं निकला तो…
Sandesh Wahak Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार, 14 जुलाई को रूस को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 50 दिनों में यूक्रेन युद्ध का कोई हल नहीं निकला, तो अमेरिका रूस और उसके साथ व्यापार करने वाले देशों पर 100% तक के अतिरिक्त टैरिफ लगा देगा। यानी, रूस के साथ कारोबार करने वाले अन्य देशों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
ट्रंप ने यह बात व्हाइट हाउस में नाटो महासचिव मार्क रुटे के साथ हुई मुलाकात के दौरान कही। उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा, “अगर 50 दिनों में कोई समझौता नहीं हुआ, तो हम 100% टैरिफ लगाएंगे, और यह बहुत आसान होगा।” साथ ही, उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे उनसे “निराश” हैं, क्योंकि पुतिन बातचीत में शांत दिखते हैं, लेकिन फिर रातोंरात हमले कर देते हैं।
![]()
नाटो और अमेरिका ने यूक्रेन को भेजे जाएंगे भारी हथियार
इस बीच, नाटो महासचिव मार्क रुटे ने बताया कि अमेरिका और नाटो ने यूक्रेन को बड़ी मात्रा में हथियार देने का नया समझौता किया है। इसके तहत यूक्रेन को एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल और गोला-बारूद जैसी घातक सैन्य सहायता मिलेगी। रुटे ने कहा कि ये हथियार अरबों डॉलर के होंगे और नाटो तथा यूरोपीय संघ अमेरिका को इसकी कीमत चुकाएंगे।
कौन-कौन से हथियार मिलेंगे यूक्रेन को?
ट्रंप ने खुलासा किया कि इन हथियारों में पैट्रियट मिसाइल सिस्टम जैसी उन्नत रक्षा प्रणालियाँ शामिल होंगी, जो यूक्रेन को रूसी हमलों से बचाने में मदद करेंगी। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब ट्रंप के विशेष दूत कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की से मिले थे। ज़ेलेंस्की ने इस बैठक को “सार्थक” बताया और अमेरिकी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
पुतिन दिन में बात करते हैं, रात को हमला करते हैं
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन पुतिन ने हमले और तेज़ कर दिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “पुतिन ने बहुतों को चौंका दिया है। वे दिन में शांति की बात करते हैं और रात को हमला कर देते हैं।”

