ट्रंप ने ईरान को दी भीषण हमले की चेतावनी, बोले- परमाणु अड्डों की ओर बढ़ रहा है अमेरिकी जंगी बेड़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब अपने चरम पर है। परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल परीक्षणों पर लगाम लगाने की कोशिशें नाकाम होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी दी है। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि अगर ईरान बातचीत की मेज पर नहीं आता, तो उसे पिछली बार से भी ज्यादा भयानक तबाही का सामना करना पड़ेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका का एक विशाल जंगी बेड़ा (आर्मडा) ईरान की ओर रवाना हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस बेड़े का नेतृत्व शक्तिशाली एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन कर रहा है। ट्रंप के मुताबिक, यह फ्लीट वेनेजुएला भेजे गए फ्लीट से भी कहीं ज्यादा बड़ा और घातक है। समय निकलता जा रहा है, ईरान को जल्द ही एक सही और बराबर की डील करनी होगी, वरना अंजाम बुरा होगा।
मिडनाइट हैमर से भी बुरा होगा अगला हमला
ट्रंप ने 2025 में हुए ऑपरेशन मिडनाइट हैमर का जिक्र करते हुए ईरान को डराया। पिछले साल अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया था, जिसमें कई ईरानी वैज्ञानिक मारे गए थे। ट्रंप ने कहा, ईरान ने तब भी बात नहीं मानी थी और नतीजा तबाही रही। अब अगला हमला उससे भी कहीं ज्यादा बुरा होगा। इसे दोबारा मत होने देना।
ट्रंप की इस धमकी से ईरान भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के शीर्ष सलाहकार ने कसम खाई है कि अगर अमेरिका ने कोई भी सैन्य हिमाकत की, तो ईरान उसका तुरंत और करारा जवाब देगा। ईरान ने सीधे तौर पर इजरायल को टारगेट करने की धमकी दी है।
ईरान के भीतर भी हालात नाजुक
यह तनाव ऐसे समय में बढ़ा है जब खुद ईरान के भीतर खामेनेई सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए सुरक्षाबलों ने हिंसक कार्रवाई की है, जिसमें हजारों लोग मारे गए और गिरफ्तार हुए हैं। अमेरिकी सूत्रों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन उन ईरानी अधिकारियों और नेताओं को भी निशाना बनाने पर विचार कर रहा है जो इन हत्याओं के लिए जिम्मेदार हैं।
Also Read: सुप्रीम कोर्ट ने UGC के नए नियमों पर लगाई रोक, भाजपा सांसदों ने बताया सनातन की जीत

