अवनीश अवस्थी को फिर मिला सेवा विस्तार, अब एक और साल बने रहेंगे मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाने वाले रिटायर्ड आईएएस अवनीश अवस्थी को एक बार फिर सेवा विस्तार मिल गया है। शुक्रवार को राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, अवस्थी अब 28 फरवरी 2027 तक मुख्यमंत्री के सलाहकार बने रहेंगे। यह उनका चौथा सेवा विस्तार है।
गौरतलब है कि सीएम योगी की चार दिवसीय सिंगापुर और जापान यात्रा पर अवनीश अवस्थी भी उनके साथ थे। शुक्रवार तड़के ही यह दल लखनऊ लौटा है और लौटते ही उन्हें सेवा विस्तार का तोहफा मिल गया।
कौन हैं अवनीश अवस्थी
1987 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी 31 अगस्त 2022 को रिटायर हुए थे। लेकिन उनकी प्रशासनिक क्षमता और अनुभव को देखते हुए सीएम योगी ने उन्हें अपना सलाहकार नियुक्त किया था। इसके लिए एक अस्थायी नि:संवर्गीय पद का सृजन किया गया था।
पहले उन्हें फरवरी 2023 तक, फिर फरवरी 2024, उसके बाद फरवरी 2025 और फिर फरवरी 2026 तक सेवा विस्तार मिला। अब चौथी बार उन्हें फरवरी 2027 तक का विस्तार मिला है।
अवनीश अवस्थी ने उत्तर प्रदेश में सबसे लंबे समय तक गृह विभाग संभाला है। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस बुलाया गया था। उन्होंने कई अहम परियोजनाओं को जमीन पर उतारा।
एक्सप्रेसवे को गति: यूपीडा के सीईओ के रूप में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को तेजी से पूरा कराने में अहम भूमिका निभाई। गंगा एक्सप्रेसवे भी अब लगभग तैयार हो चुका है।
कोरोना काल की कमान: महामारी के दौरान ऑक्सीजन प्रबंधन और मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने में उनकी भूमिका को खूब सराहा गया था।
आगे की चुनौतियां
चौथे सेवा विस्तार के साथ अवनीश अवस्थी के कंधों पर अब कई बड़ी जिम्मेदारियां होंगी।
1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी: यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल करना।
निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना: सिंगापुर और जापान दौरे से आए ढाई लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारना।
चुनाव से पहले तैयारियां: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी परियोजनाओं को पूरा कराना।

