Kanpur News: वकीलों के होली मिलन में बार डांसरों के ठुमके, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर छिड़ी बहस
Kanpur News: कानपुर बार एसोसिएशन के लॉन में आयोजित होली मिलन समारोह चर्चाओं में है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक भव्यता के लिए नहीं, बल्कि अश्लीलता और अनुशासनहीनता के लिए। कार्यक्रम की शुरुआत तो फूलों की होली से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते कचहरी परिसर किसी डांस बार के नजारे में तब्दील हो गया।
शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही भोजपुरी और हिंदी फिल्मी गानों की धुन बजी, मंच पर बार डांसरों ने परफॉर्मेंस शुरू कर दी। माहौल इतना रंगीन हो गया कि न्याय की दलीलें देने वाले कई अधिवक्ता भी खुद को रोक नहीं पाए और डांसरों के साथ जमकर थिरकने लगे। तालियों और सीटियों की गूंज के बीच कई लोग मंच के बिल्कुल करीब जाकर नोट उड़ाते और ठुमके लगाते नजर आए।
जहां न्याय होता है, वहां बार डांसरों को नचाया जा रहा है और सामने वह बैठे हैं जो इंसाफ दिलाने के काम करते हैं। खैर कानपुर कचहरी में होली मिलन कार्यक्रम का ये वीडियो वायरल हो रहा है। #kanpur #court #kanpurcourt pic.twitter.com/CYahvwaC75
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) February 28, 2026
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस कार्यक्रम का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर वायरल हुआ, लोगों ने बार एसोसिएशन को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, कानपुर बार एसोसिएशन की तरफ से होली पर ‘रशियन’ डांस कराया जा रहा है।
एक अन्य यूजर ने गुस्से में कहा, यह कचहरी नहीं, लफंगों का सम्मेलन लग रहा है। न्याय के देवताओं को ये क्या शौक चढ़ा है? ऐसे आयोजनों की अनुमति कौन देता है?
अन्नू अवस्थी के चुटकुलों पर लगे ठहाके
हंगामे और डांस के बीच हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी ने अपनी चिर-परिचित शैली में माहौल को हल्का करने की कोशिश की। उन्होंने वकीलों की पत्नियों की समझदारी पर एक किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर लॉन ठहाकों से गूंज उठा। हालांकि, इन ठहाकों के पीछे कचहरी की गरिमा को जो ठेस पहुंची है, उसकी चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है।
कानून के जानकारों और बुद्धिजीवियों का मानना है कि कचहरी जैसे संवेदनशील और सम्मानित परिसर में इस तरह के फूहड़ डांस कार्यक्रम आयोजित करना संस्था की छवि को धूमिल करता है। अब देखना यह होगा कि बार एसोसिएशन इस पर क्या सफाई देता है।
Also Read: ‘हैलो, मैं जिलाधिकारी बोल रहा हूं…’, लखनऊ में बुजुर्ग श्रमिक से ठगे 9 लाख, जांच शुरू

