हाई अलर्ट पर उत्तर प्रदेश! ब्रजेश पाठक बोले- किसी पेशे को आतंकवाद के लिए इस्तेमाल नहीं होने देंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में हुए भीषण कार विस्फोट की घटना के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मेरठ के दौरे पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री (Deputy CM) ब्रजेश पाठक ने इस घटना में सामने आए ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और प्रदेश की सुरक्षा स्थिति पर बयान दिया।

आतंकवाद और सुरक्षा पर बयान

दिल्ली में डॉक्टर सहित कई संदिग्धों की गिरफ्तारी और आतंकी नेटवर्क के सामने आने पर ब्रजेश पाठक ने कहा “आतंकवाद का ‘डॉक्टर मॉड्यूल’ अत्यंत निंदनीय है। किसी भी पेशे को आतंकवाद के लिए इस्तेमाल करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती।”

उन्होंने जानकारी दी कि दिल्ली की घटना के बाद सभी एजेंसियां जांच में जुटी हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है और सरकार हर मामले पर नजर रख रही है।

बिहार चुनाव और कांग्रेस पर निशाना

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को लेकर आयोजित ‘एकता यात्रा’ समेत विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बिहार चुनाव के नतीजों और कांग्रेस पर भी बात की।

उन्होंने दावा किया कि बिहार में प्रचंड बहुमत की एनडीए सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन पर जनता ने मुहर लगाई है।

डिप्टी सीएम ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल देश का विभाजन नहीं चाहते थे, लेकिन कांग्रेस की नीतियों के कारण ही देश का बँटवारा हुआ, जिसका खामियाजा देश अब तक भुगत रहा है।

Also Read: DM सिद्धार्थनगर की किसानों से अपील: पराली न जलाएं, प्रदूषण और जुर्माने से बचें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.