Uttarakhand: चमोली में बादल फटने से तबाही, 3 गांव तबाह, बचाव कार्य में जुटीं NDRF और SDRF की टीमें

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के चमोली जिले में देर रात बादल फटने और भारी बारिश ने भयंकर तबाही मचाई है। नंदानगर क्षेत्र में आए फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) से तीन गाँव पूरी तरह तबाह हो गए हैं, जिसमें 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

सबसे ज़्यादा नुकसान कुन्तरी लगाफाली, सरपाणी और धुर्मा गांव में हुआ है। मलबा और पानी घरों में घुस गया, जिससे कई घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और खेत-खलिहान तबाह हो गए। कुन्तरी लगाफाली गांव में भारी बारिश और मलबे के कारण 6 घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं और 8 लोग लापता हैं। धुर्मा गांव में भी बादल फटने से 5 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और 2 लोग लापता हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कुल 10 लोगों के लापता होने की सूचना है और कई मवेशियों का भी नुकसान हुआ है। रात के समय अचानक आई इस आपदा से लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

बचाव कार्य जारी

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। SDRF की टीम नंदप्रयाग पहुँच चुकी है और NDRF की टीम भी गोचर से मौके के लिए रवाना हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने बताया कि मेडिकल टीमें और तीन एम्बुलेंस भी मौके पर भेजी गई हैं ताकि घायलों को तुरंत मदद मिल सके।

लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव दल मलबे में काम कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि वास्तविक नुकसान का सही आकलन बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही हो पाएगा। इस बीच, मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, ऋषिकेश समेत कई इलाकों में गरज और तूफान के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

Also Read: Lucknow News: अंतर्राज्यीय चोर गैंग के 7 बदमाश गिरफ्तार, चोरी की घटना को अंजाम देने जा रहे थे आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.