उत्तराखंड के राज्यपाल के हेलिकॉप्टर की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग, बजट सत्र के लिए जा रहे थे गैरसैंण

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह को लेकर जा रहे राज्य सरकार के हेलिकॉप्टर की रविवार को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) में अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह कदम उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी के बाद एहतियात के तौर पर उठाया गया।

जानकारी के अनुसार, राज्यपाल बजट सत्र में शामिल होने के लिए गैरसैंण जा रहे थे। सफर के दौरान ही पायलट को हेलिकॉप्टर के इंजन या किसी अन्य हिस्से में तकनीकी दिक्कत महसूस हुई। किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए पायलट ने तुरंत सावधानी बरती और सुरक्षित लैंडिंग का फैसला किया।

हेलिकॉप्टर को श्रीनगर स्थित जीवीके (GVK) हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षित लैंडिंग के बाद राज्यपाल को पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे फिलहाल विश्राम कर रहे हैं।

पौड़ी गढ़वाल के सर्किल ऑफिसर (CO) अनुज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, तकनीकी खराबी के कारण राज्यपाल के हेलिकॉप्टर की जीवीके हेलीपैड पर लैंडिंग कराई गई है। राज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित हैं और प्रशासन जरूरी इंतजामों में जुटा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.