Varanasi News: बिना अनुमति के चल रहा A-1 हॉस्पिटल, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के बाबतपुर क्षेत्र में बिना किसी वैध पंजीकरण और मान्यता के खुलेआम संचालित हो रहा A-1 हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर अब सवालों के घेरे में है।
हैरानी की बात यह है कि इस अवैध संचालन की जानकारी होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग अब तक पूरी तरह मौन बना हुआ है। विभाग की यह चुप्पी न केवल संदेह को जन्म देती है, बल्कि कहीं न कहीं मिलीभगत की आशंका भी पैदा करती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में न तो प्रशिक्षित और योग्य डॉक्टर तैनात हैं, न ही गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन बड़े-बड़े दावों के साथ इलाज कर रहा है, जिससे मरीजों की जान के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
जानकारों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग को इस अवैध अस्पताल के संचालन की पूरी जानकारी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई औपचारिक जांच या कार्रवाई नहीं की गई।
इस चुप्पी को लेकर आम जनता में गहरी नाराज़गी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभाग के कुछ अधिकारी इन अवैध संस्थानों से मिलीभगत कर मामले को दबाए बैठे हैं, जिसकी वजह से यह अस्पताल बिना रोक-टोक के चल रहा है।
बढ़ती अव्यवस्था, बढ़ता आक्रोश
इलाके के लोगों का कहना है कि बाबतपुर ही नहीं, बल्कि वाराणसी के आसपास के कई क्षेत्रों में बिना लाइसेंस और मानकों के अस्पताल तथा नर्सिंग होम धड़ल्ले से चल रहे हैं।
न तो इनमें ICU की सुविधा है, न ही इमरजेंसी सेवाओं का कोई पुख्ता इंतज़ाम। ऐसे में किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
अब उठ रहे हैं ये अहम सवाल
-
आखिर स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी का कारण क्या है?
-
क्या किसी बड़े हादसे का इंतज़ार किया जा रहा है?
-
या फिर यह सब किसी सुनियोजित मिलीभगत का हिस्सा है?
स्थानीयों की मांग
लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग तत्काल प्रभाव से इस मामले में संज्ञान लें, और A-1 हॉस्पिटल समेत सभी अवैध अस्पतालों की जांच कर इन्हें बंद कराया जाए।
साथ ही, जो भी अधिकारी या व्यक्ति इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार हैं, उन पर सख्त कार्रवाई हो।
रिपोर्ट: विशाल मौर्या

