Varanasi News: खाद की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में खाद की भारी किल्लत को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी ने वाराणसी सदर तहसील में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल के नेतृत्व में तहसीलदार को पांच सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा और किसानों की दुर्दशा के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जिलाध्यक्ष ने कहा कि खाद न मिलने के कारण किसान घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं, जो कि योगी सरकार की घोर नाकामी और अन्नदाताओं के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि “खेतों में बुवाई का समय चल रहा है, लेकिन खाद न मिल पाने के कारण किसानों की आजीविका पर सीधा हमला हो रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि किसान बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
राज्यव्यापी प्रदर्शन का हिस्सा
वाराणसी ही नहीं, आम आदमी पार्टी ने शनिवार को प्रदेश के सभी तहसीलों में प्रदर्शन कर सरकार को घेरा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी देखी गई, जो खाद की किल्लत से परेशान हैं।

पार्टी की पांच प्रमुख मांगें
-
किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
-
खाद वितरण में फैले भ्रष्टाचार और कालाबाजारी पर सख्त रोक लगे।
-
दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
-
खाद की कमी से प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए।
-
अन्नदाताओं को प्राथमिकता देकर खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और न्यायसंगत बनाया जाए।
Also Read: तेजस्वी यादव के खिलाफ यूपी में FIR, पीएम मोदी से जुड़ा है पूरा मामला

