वाराणसी एयरपोर्ट पर हड़कंप: एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान में बम की सूचना, अलर्ट पर सुरक्षा एजेसियां

Sandesh Wahak Digital Desk: बुधवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX-1023) में बम होने की सूचना मिली। दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट के बीच मिली इस सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सक्रिय कर दिया। सूचना मिलते ही विमान को तुरंत आइसोलेशन बे पर खड़ा कर दिया गया और विमान में सवार सभी 176 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय, विमान की गहन जांच

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने पुष्टि करते हुए कहा, “हमारी वाराणसी जाने वाली एक उड़ान को सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सरकार द्वारा नियुक्त बम खतरा आकलन समिति (BTAC) को तुरंत सूचित किया गया और सभी आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए गए।” सूचना के तुरंत बाद सीआईएसएफ का बम निरोधक दस्ता और एयरपोर्ट खुफिया विभाग सक्रिय हो गए। दस्ता वर्तमान में विमान और यात्रियों के सामान की गहन जांच कर रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया कि सभी अनिवार्य सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही विमान को फिर से संचालन के लिए मंजूरी दी जाएगी।

वाराणसी में सुरक्षा कड़ी

दिल्ली विस्फोट मामले में आतंकी संबंधों के खुलासे के बाद वाराणसी में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डीसीपी क्राइम सरवनन ठगमणि ने बताया कि काशी विश्वनाथ, काल भैरव और संकट मोचन जैसे प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

हर शाम गंगा आरती के दौरान भीड़ वाले नमो घाट, दशाश्वमेध घाट और अस्सी घाट पर विशेष चौकसी रखी जा रही है और डॉग स्क्वायड को सतर्क मोड पर रखा गया है। काशी क्षेत्र के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी बम निरोधक दस्ते, आरपीएफ और जीआरपीएफ को तैनात किया गया है।

Also Read: बलरामपुर: इंडियन बैंक में सरकारी कर्ज के नाम पर फर्जीवाड़ा, मैनेजर-ब्रोकर गठजोड़ ने लूटा गरीब का पैसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.