वाराणसी: सत्ता की हनक में दरोगा को जड़ा थप्पड़, बीजेपी पार्षद का बेटा गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: धर्मनगरी वाराणसी में नए साल के पहले ही दिन खाकी को अपमानित करने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। मणिकर्णिका घाट पर ड्यूटी कर रहे एक दरोगा को बीजेपी पार्षद के बेटे ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिया और अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए दरोगा को एक दुकान में शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नो-एंट्री में जाने की जिद और ‘पार्षद पुत्र’ का रौब
घटना 1 जनवरी 2026 की शाम की है। मणिकर्णिका घाट पर नए साल की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ब्रह्मनाल चौकी प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी तैनात थे। बीजेपी पार्षद बृजेश श्रीवास्तव का बेटा और युवा मोर्चा पदाधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव अपने दो साथियों के साथ बाइक से नो-एंट्री जोन में घुसने की कोशिश कर रहा था।
जब दरोगा ने भीड़ का हवाला देते हुए उन्हें रोका, तो हिमांशु ने पार्षद का बेटा होने का रौब दिखाया और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने दरोगा पर हमला कर दिया और उन्हें थप्पड़ मार दिए।
दुकान में छिपकर बचाई जान, घाट पर मची भगदड़
सरेआम वर्दीधारी पर हमला होते देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई। दरोगा अपनी जान बचाने के लिए पास की गलियों में भागे और एक स्थानीय दुकान में घुसकर खुद को सुरक्षित किया। स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स की मदद से भाग रहे हिमांशु श्रीवास्तव को दबोच लिया गया, हालांकि उसके दो साथी फरार हो गए।
चौक पुलिस ने अपने साथी पर हुए हमले को गंभीरता से लेते हुए सत्ता पक्ष से जुड़े आरोपी के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (लोक सेवक पर हमला), 352, 115(2), 351(2) और 7 CLA एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी हिमांशु को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Also Read: Kushinagar News: चाकू से वार कर युवक की हत्या, सड़क पर शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा

