वाराणसी: ‘दालमंडी चौड़ीकरण’ पर कांग्रेस का आरोप, कहा- तानाशाह सरकार कर रही है रोज़गार की हत्या

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने वाराणसी की प्रसिद्ध ऐतिहासिक व्यापारिक मंडी दालमंडी के प्रस्तावित चौड़ीकरण अभियान को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस कार्रवाई को “तानाशाह सरकार द्वारा रोज़गार की हत्या” करने की साज़िश बताया।

कांग्रेस के मुख्य आरोप

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि दालमंडी ने वर्षों से वाराणसी की अर्थव्यवस्था और संस्कृति को अपनी मेहनत से संजोया है, लेकिन अब यह “तानाशाह सरकार की बुलडोजर नीति” का शिकार बन रही है।

उन्होंने दावा किया कि सरकार के इस कदम से करीब दस हज़ार लोगों का रोज़गार सीधे तौर पर खतरे में पड़ गया है। यह सिर्फ दुकानों का मामला नहीं, बल्कि हज़ारों परिवारों की आजीविका का प्रश्न है।

चौबे ने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था और बिना किसी ठोस पुनर्वास योजना के अंधाधुंध तोड़फोड़ की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में विकास के नाम पर गरीबों की रोटी छीनी जा रही है। उन्होंने मौजूदा सरकार के रवैये को “असंवेदनशील और दमनकारी” बताया।

महानगर अध्यक्ष ने दोहराया कि कांग्रेस पहले भी दालमंडी के पीड़ित दुकानदारों के साथ खड़ी थी और आज भी उनकी लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ी रहेगी। राघवेंद्र चौबे ने स्पष्ट किया कि दालमंडी वाराणसी के छोटे, बड़े, मध्यमवर्गीय और मेहनतकश व्यापारियों की आत्मा है, और जनता को ऐसा विकास नहीं चाहिए जो रोज़गार उजाड़ दे।

Also Read: शिक्षामित्र मानदेय वृद्धि मामला: कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट, मंत्रिपरिषद से निर्णय की अपील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.