Varanasi News: दालमंडी चौड़ीकरण पर कांग्रेस का हल्ला बोल, अजय राय बोले- गरीबों को उजाड़ रही सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के बाद अब कांग्रेस पार्टी भी दालमंडी चौड़ीकरण के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आक्रामक हो गई है।
रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर गरीब जनता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
अजय राय ने कहा कि दालमंडी चौड़ीकरण के नाम पर सरकार न सिर्फ मुस्लिम भाइयों, बल्कि हिंदू परिवारों को भी उजाड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार विकास की बात करती है, तो फिर गरीबों की बस्तियों को क्यों उजाड़ा जा रहा है?
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “सरकार का विकास मॉडल दरअसल विनाश मॉडल बन चुका है। गरीबों को हटाकर अमीरों के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। यह अत्याचार अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।”
इस दौरान अजय राय ने दिल्ली ब्लास्ट की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने कहा, “जब राजधानी में ब्लास्ट हो रहे हैं, तो गृहमंत्री को अब नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।”

