Varanasi News: जज के सामने महिला ने बैग से निकाला चाकू, कोर्ट रूम में मची अफरा-तफरी
Varanasi News: धर्मनगरी वाराणसी के कचहरी परिसर में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एसीजेएम षष्ठम (ACJM VI) के कोर्ट रूम में एक महिला ने जज की मौजूदगी में चाकू निकाल लिया। महिला अपने साथ हुई मारपीट के एक पुराने मामले में पैरवी के लिए आई थी। गनीमत रही कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और वकीलों ने फुर्ती दिखाई और महिला को समय रहते काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मिर्जामुराद क्षेत्र की रहने वाली यह महिला पारिवारिक विवाद और मारपीट के एक मामले को लेकर कोर्ट पहुंची थी। करीब दो महीने पहले उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसका मेडिकल रिपोर्ट लेकर वह अदालत में अपनी बात रखना चाहती थी।
वकील से हुई बहस के बाद निकाला चाकू
महिला कोर्ट रूम के भीतर एक महिला अधिवक्ता से मिली और अपने मामले में तुरंत और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगी। जब वकील ने कानूनी पेचीदगियों और प्रक्रिया का हवाला दिया, तो महिला अपना आपा खो बैठी। तीखी नोकझोंक के बीच उसने अचानक अपने बैग से चाकू निकाल लिया और वकील को धमकाने लगी। जज के ठीक सामने हुई इस घटना ने वहां मौजूद हर किसी के होश उड़ा दिए।
कैंट थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला पारिवारिक तनाव के कारण काफी परेशान थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं लग रही है। यह घटना इसलिए अधिक गंभीर है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से वाराणसी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकियाँ मिल रही हैं। पुलिस लगातार चेकिंग अभियान का दावा कर रही है, ऐसे में एक महिला का बैग में चाकू लेकर कोर्ट रूम तक पहुँच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
Also Read: Lucknow News: विधानसभा के बाहर महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस की सुनवाई न होने से थी परेशान

