Varanasi News: चिल्ड्रन प्रीमियर लीग 2025 सीआईएमएस ट्राफी का भव्य समापन, स्वामी विवेकानंद टीम बनी चैंपियन
Varanasi News: काशी की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित चिल्ड्रन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 का खिताब स्वामी विवेकानंद टीम ने अपने नाम कर लिया है। राज इंग्लिश स्कूल के मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में स्वामी विवेकानंद टीम ने गौतम बुद्ध टीम को 21 रनों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्वामी विवेकानंद टीम ने सधी हुई शुरुआत की और निर्धारित ओवरों में 124 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गौतम बुद्ध टीम ने पूरा जोर लगाया, लेकिन स्वामी विवेकानंद टीम की सटीक गेंदबाजी के आगे वह 105 रनों पर ही सिमट गई। टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को विशेष रूप से नवाजा गया।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: अर्श यादव
बेस्ट बैटर: अर्नव यादव
बेस्ट बॉलर: मुस्तहाब अंसारी

एडीजी पीयूष मोडिया ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोडिया रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा, ऐसे आयोजन बच्चों में केवल खेल ही नहीं, बल्कि अनुशासन और टीमवर्क की भावना भी पैदा करते हैं, जो जीवन की हर पिच पर काम आती है। वरिष्ठ पत्रकार और सीपीएल संरक्षक स्नेह रंजन ने कहा कि इन बच्चों में उन्हें भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। समाजसेवी डॉ. अरविंद सिंह ने प्रतिभाओं को तराशने के लिए इस मंच की सराहना की। राज इंग्लिश स्कूल के चेयरमैन डॉ. हरिओम सिंह ने बच्चों को डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर रोजाना कम से कम एक घंटा मैदान में खेलने की सलाह दी।
रिपोर्ट- स्नेह रंजन
Also Read: मिर्जापुर: फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बैनामा करने वाला जालसाज गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई

