Varanasi News: CPL 2025 का शानदार आगाज, CIMS ट्रॉफी लॉन्च होते ही बच्चों में दिखा जोश
Sandesh Wahak Digital Desk: राज इंग्लिश स्कूल एवं राज स्पोर्ट्स एकेडमी (वाराणसी) द्वारा आयोजित चिल्ड्रेन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 – CIMS ट्रॉफ़ी का भव्य शुभारंभ धूमधाम के साथ हुआ।
होटल बुद्धा पार्क में राज इंग्लिश स्कूल के निदेशक हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में जर्सी लांचिंग समारोह आयोजित किया गया, जिसके बाद सभी खिलाड़ी राज इंग्लिश स्कूल के मैदान पहुँचे।

अतिथियों का सम्मान और भव्य शुरुआत
सीपीएल अध्यक्ष रत्नेश दुबे और महासचिव मनोज श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, राज इंग्लिश स्कूल के चेयरमैन डॉ. हरिओम सिंह ने कहा कि CPL का मुख्य उद्देश्य बच्चों को क्रिकेट के प्रति सही मार्गदर्शन प्रदान करना और उनके खेल कौशल को निखारना है।
अतिविशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार स्नेहरंजन ने कहा कि CPL का स्वरूप भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जा सकता है और यहां खेल रहे छोटे खिलाड़ी आगे चलकर IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी जगह बना सकते हैं।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरविन्द सिंह ने बच्चों को क्रिकेट का भविष्य बताया और उनके प्रतिभा की सराहना की।
दीप प्रज्ज्वलन, मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सभी विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद जाकिर हुसैन एवं जेपी पांडेय के नेतृत्व में स्काउट-गाइड बच्चों के साथ सभी टीमों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया।
ज्योति सोनी के निर्देशन में 50 बच्चों ने ‘जय हो’ गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच दिनेश जायसवाल ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
वहीं, क्रीड़ा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में अतिथियों ने खिलाड़ियों को मशाल सौंपकर खेल भावना का संचार किया।
ट्रॉफ़ी अनावरण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न
मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम सिंह, वरिष्ठ पत्रकार स्नेहरंजन और डॉ. अरविन्द सिंह ने CPL 2025 ट्रॉफ़ी का अनावरण किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन सीपीएल महासचिव मनोज श्रीवास्तव ने किया तथा आँखों देखा हाल सुभाष सिंह ने प्रस्तुत किया।
धन्यवाद ज्ञापन स्कूल के प्राचार्य विनोद कुमार मिश्रा एवं CIMS प्रबंध निदेशक मुक्ता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर स्टेट पैनल अंपायर आर.पी. गुप्ता, सृष्टि यादव, पंकज यादव, उपेन्द्र सिंह तथा अशोक यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- एम.एम. पाठक
Also Read: UP News: अरबों के पिकप घोटाले के असली खिलाड़ियों को ईओडब्ल्यू ने बख्शा

