Varanasi News: काशी में पहली बार CPL का आयोजन, IPL की तर्ज पर बच्चों को मिलेगी प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: शहर में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज इंग्लिश स्कूल एवं राज स्पोर्ट्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार ‘चिल्ड्रेन प्रीमियर लीग (CPL-2025)’ का आयोजन किया जा रहा है।
12 वर्ष तक के बच्चों के लिए यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश में अपने तरह की पहली लीग होगी, जिसका पूरा ढांचा आईपीएल की तर्ज पर तैयार किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि यह लीग नवंबर के अंतिम सप्ताह से राज इंग्लिश स्कूल के स्पोर्ट्स ग्राउंड पर शुरू होगी। मैचों से पहले ट्रायल आयोजित किए गए, जिसके आधार पर खिलाड़ियों का चयन नीलामी और लाटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। कुल आठ टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।
सभी टीमों के बीच प्रैक्टिस मैच 23 नवंबर से शुरू होंगे, जबकि लीग मैचों का आधिकारिक शुभारंभ 28 नवंबर को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ किया जाएगा।
हर मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ सहित ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’, ‘बेस्ट बैटर’, ‘बेस्ट बॉलर’ और फाइनल ट्रॉफी देकर बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
देश के महान व्यक्तित्वों पर आधारित टीमों के नाम
इस बार CPL में टीमों के नाम देश के महापुरुषों के सम्मान में रखे गए हैं— नेताजी सुभाषचंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद, चंद्रशेखर आज़ाद, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, मदर टेरेसा, सरदार वल्लभभाई पटेल, गौतम बुद्ध और शहीद भगत सिंह।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मैदान पर चिकित्सा सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लेने की इच्छा जताई थी।
लेकिन तय रूपरेखा के अनुसार सीमित संख्या में खिलाड़ियों का चयन किया गया। प्रतियोगिता में कई राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के पूर्व क्रिकेटर भी सहयोग कर रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में शामिल रहे गणमान्य
रामकटोरा स्थित ‘द श्यान होटल एसवी ग्रैण्ड’ में आयोजित पत्रकार वार्ता में CPL संरक्षक व वरिष्ठ पत्रकार स्नेह रंजन श्रीवास्तव, समाजसेवी व पत्रकार डॉ. अरविंद सिंह, CPL अध्यक्ष रत्नेश दूबे, महासचिव मनोज श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मुक्ता श्रीवास्तव, सुजात हुसैन रूस्तम, एसवी ग्रैण्ड के मालिक रजत द्विवेदी, क्रीड़ा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव सहित कई टीम मालिक एवं प्रतिनिधि—
प्रवीण श्रीवास्तव, सीमांत सिंह, उपेंद्र सिंह, राकेश गुप्ता, एडवोकेट मनोज शर्मा, प्रकाश श्रीवास्तव, अमित कुमार, ज्योति सोनी, पंकज यादव — उपस्थित रहे। टेक्निकल हेड एवं स्टेट पैनल अंपायर आर.पी. गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
रिपोर्ट- एम.एम. पाठक
Also Read: Jalaun News: दो दरोगा समेत 7 पर हत्या का मुकदमा, जानिए क्या है पूरा मामला?

