Varanasi News: नेशनल सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप के मंच से गरजे उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बोले- PDA पूरी तरह फर्जी

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के सिगरा स्टेडियम में आयोजित 72वीं नेशनल सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और जनता को गुमराह करने के आरोप लगाए।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब-जब देश में भ्रष्टाचार खत्म करने का प्रयास होता है, कांग्रेस उसमें अड़चन डालती है। उन्होंने मनरेगा को लेकर कहा कि अब “जी ग्राम जी” योजना के तहत 125 दिन काम की गारंटी दी जा रही है।

कांग्रेस के इतिहास पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “एक रुपये में से 85 पैसे दलालों और कांग्रेसी नेताओं की जेब में चले जाते थे” और आज उसी रास्ते पर समाजवादी पार्टी भी चल रही है।

केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस को न तो उत्तर प्रदेश में कोई पूछता है और न ही देश में। “जी ग्राम जी” को मुद्दा बनाकर कांग्रेस और भी रसातल में चली जाएगी। उन्होंने PDA को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि यह नारा केवल परिवारवाद, अपराधियों और गुंडों को बढ़ावा देता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें दलितों और पिछड़ों की याद नहीं आई, लेकिन सत्ता से बाहर होते ही यह सब याद आने लगा।

राम मंदिर को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रामद्रोहियों से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वे अपने PDA कैलेंडर में राम मंदिर का उल्लेख करेंगे। हर राम भक्त अब उन्हें पहचान चुका है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा और ध्वजारोहण हो चुका है, लेकिन आज तक अखिलेश यादव दर्शन करने नहीं गए, इससे ज्यादा और क्या कहा जाए। केशव मौर्य ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव हिंदू समाज की एकता और ताकत से डरकर ही मंदिर निर्माण की बातें कर रहे हैं।

SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर उठे सवालों पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के नाम सूची से कटे हैं, उन्हें फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने का पूरा अवसर दिया गया है। इस पर राजनीति और दुष्प्रचार करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि जनता विपक्ष के झूठ को समझ चुकी है और 2027 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

अयोध्या मंदिर में जाकर नमाज अदा करने वाले व्यक्ति से जुड़े सवाल पर केशव मौर्य ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को पकड़ लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। बजट को लेकर उन्होंने कहा कि आने वाला बजट किसानों, नौजवानों और समाज के सभी वर्गों के हित में होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ मंदिर दर्शन पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है। हमारे मंदिर को तोड़ा गया था, लेकिन आज वहां भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है, जो राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Bahraich News: बदरौली के राजकीय हाई स्कूल में सजा ‘कैरियर मेला’, छात्रों ने सीखे सफलता के मंत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.