Varanasi : पारिवारिक विवाद बनी दोहरे हत्याकांड की वजह, बेटे ने पिता और बहन को उतारा मौत के घाट
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी शहर के कैंट थाना क्षेत्र की प्रतापनगर कॉलोनी मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात का गवाह बनी। यहां एक बेटे ने पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते अपने ही पिता और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान 78 वर्षीय रूप चंद्र भारद्वाज, जो कि सेवानिवृत्त जलकल विभागकर्मी थे, और उनकी 50 वर्षीय बेटी शिवकुमारी के रूप में हुई है। शिवकुमारी मूल रूप से गाजीपुर जिले के जलालाबाद हरदासपुर की निवासी थीं और कुछ समय से अपने पिता के पास रह रही थीं।
कैसे हुआ हत्याकांड?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में कई वर्षों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह भी इसी मसले पर घर में कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि रूप चंद्र के बेटे राजेश भारद्वाज उर्फ राजू ने गुस्से में आकर ईंट, सिल-बट्टे और लोहे की रॉड से पिता और बहन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मौके से ईंट और लोहे की रॉड बरामद की गई है, जो हत्या में इस्तेमाल होने की आशंका है। आरोपी बेटे राजेश और उसकी पत्नी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, और उनसे पूछताछ जारी है। घटना के बाद पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Also Read: बागपत में दूध व्यापारी की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया राजमार्ग जाम

