Varanasi News: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन, हजारों लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी
Sandesh Wahak Digital Desk: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर काशी (वाराणसी) की धरती राष्ट्रीय एकता के रंग में रंग गई।
विकासखंड हरहुआ में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम ने न केवल युवाओं की ऊर्जा और उत्साह का अद्भुत प्रदर्शन किया, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य भी किया।
विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयर बाजार से बेलवरिया ब्लॉक मुख्यालय तक निकली इस दौड़ में पांच हजार से अधिक छात्रों, स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
आयर निकेत इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय सहित आसपास के ग्रामीण स्कूलों के बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पदयात्रा से शुरुआत, प्रतिमा पर श्रद्धांजलि के साथ समापन
कार्यक्रम की शुरुआत विशाल पदयात्रा के रूप में हुई। हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति के नारे लगाते हजारों प्रतिभागियों ने आयर बाजार से बेलवरिया ब्लॉक तक एकजुटता का अभूतपूर्व संदेश दिया।
समापन स्थल पर सभी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति
मुख्य अतिथि विधायक अजगरा त्रिभुवन राम ने कहा,
“सरदार पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर भारत को अखंड बनाया। आज की यह दौड़ उसी एकता और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है।”
किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह ने युवाओं से राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया। पूर्व जिला अध्यक्ष नागेंद्र रघुवंशी और जिला उपाध्यक्ष अखंड सिंह ने माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक और ग्रामीण शामिल हुए। बच्चों द्वारा लगाए गए ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ के नारों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
सुरक्षा, व्यवस्था और स्वच्छता का पूरा ध्यान
प्रशासन की ओर से एंबुलेंस, सुरक्षा कर्मी, जल व्यवस्था और स्वयंसेवकों की टीम लगातार सक्रिय रही। दौड़ मार्ग पर स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने बताया ऐतिहासिक पल
स्थानीय ग्रामीणों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक करार दिया। एक बुजुर्ग प्रतिभागी ने कहा— “पहली बार इतना बड़ा कार्यक्रम देखा, छोटे-बड़े सभी एकजुट होकर चले। यह सच्ची एकता की मिसाल है।”
यह आयोजन केवल सरदार पटेल को श्रद्धांजलि भर नहीं रहा, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने वाला एक प्रभावशाली कदम साबित हुआ।
रिपोर्ट — एम. एम. पाठक
Also Read: वीरांगना ऊदा देवी पासी की प्रतिमा का अनावरण, राजनाथ सिंह और CM योगी ने किया नमन

