Varanasi News: जानलेवा कफ सिरप का अवैध कारोबार, कांग्रेस ने उठाए सवाल, पुलिस कमिश्नर को सौंपा पत्र
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे बोले— शासन-प्रशासन की नाकामी उजागर
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी में नशीली और जानलेवा कफ सिरप के अवैध व्यापार को लेकर कांग्रेस ने शासन और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रविवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को संबोधित ज्ञापन उनके प्रतिनिधि एसीपी कैंट को सौंपा और मामले में त्वरित व कड़ी कार्रवाई की मांग की।
चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र और पुलिस कमिश्नरेट जैसी उच्च सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद नशे की कफ सिरप का बेधड़क व्यापार होना कानून-व्यवस्था की पूरी विफलता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल पुलिस-प्रशासन की लापरवाही नहीं, बल्कि सत्ता संरक्षण की ओर भी इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि जिस वाराणसी में मुख्यमंत्री हर हफ्ते दौरा करते हैं, वहां अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा होना प्रशासन की बदहाली दर्शाता है। कफ सिरप माफिया पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना यह बताता है कि इनके पीछे राजनीतिक संरक्षण मौजूद है।
“काशी की पवित्र छवि को कलंकित किया जा रहा है, कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी,” चौबे ने कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ जिम्मेदार पदाधिकारी इस अवैध नेटवर्क को सुरक्षा कवच प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने आने के बावजूद न मुख्य आरोपी गिरफ्तार हुए, न अवैध संपत्तियों की कुर्की हुई, न बड़े संचालकों पर कड़ी धाराएँ लगाई गईं।
मीडिया में सुर्खियों के बावजूद जमीनी स्तर पर कार्रवाई शून्य बनी हुई है। “काशी शर्मसार हो रही है और युवा पीढ़ी को नशे की अंधेरी ओर धकेला जा रहा है,” प्रतिनिधिमंडल ने कहा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख मांगें
-
मुख्य आरोपी व संरक्षकों की तत्काल गिरफ्तारी
-
पूरे नेटवर्क से जुड़ी अवैध संपत्तियों की कुर्की/अधिग्रहण
-
भाजपा नेताओं से जुड़े नामों की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच
-
कफ सिरप माफिया के गोदामों, सप्लाई चेन और वितरकों पर विशेष पुलिस टीम द्वारा छापेमारी
-
इस प्रकरण को “राज्यव्यापी स्वास्थ्य खतरा” मानते हुए बड़ी जांच एजेंसी को जांच सौंपना
-
पूरे मामले की पारदर्शी सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करना
-
काशी को नशे के जाल से बचाने के लिए नारकोटिक्स यूनिट को सक्रिय करना
प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के साथ फ़साहत हुसैन बाबू, अशोक सिंह, लोकेश सिंह, अब्दुल हामिद डोड़े, आनंद कुमार सिंह, जियाउल अख्तर, किशन यादव, शहनवाज़ उस्मानी, रोहित दुबे सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।

