Varanasi News: ‘जी राम जी’ भ्रष्टाचार के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, पंकज चौधरी का कांग्रेस पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए चुनाव आयोग द्वारा जारी SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के ड्राफ्ट वोटर रोल को लेकर चिंता जताई।

साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर “जी राम जी” योजना को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया।

पंकज चौधरी ने कहा कि “जी राम जी अधिनियम भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सर्जिकल स्ट्राइक है।” उन्होंने कहा कि पहले योजनाओं में एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही ज़मीन तक पहुंचते थे, लेकिन इस अधिनियम ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी और फुलप्रूफ रोक लगाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने परिवार के हर सदस्य के नाम पर योजनाएं चलाईं, लेकिन राम के नाम पर योजना बनने से उन्हें परेशानी हो रही है। पंकज चौधरी ने कहा कि “जी राम जी मजदूरों, किसानों और गांवों के विकास का मंत्र है और कांग्रेस के भ्रष्टाचार का अंत है।”

SIR को लेकर उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग का कार्य है, लेकिन एक राजनीतिक दल के रूप में भाजपा की जिम्मेदारी है कि इस प्रक्रिया को ज़मीन तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 2 करोड़ 88 लाख नाम शामिल हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बूथ स्तर तक जाकर ड्राफ्ट सूची की जांच करें, यह देखा जाए कि कहीं कोई योग्य मतदाता का नाम गलत तरीके से तो नहीं हटाया गया है या कोई मतदाता स्थानांतरित हुआ है या नहीं।

उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि हर बूथ पर जाकर एक-एक नाम की पुष्टि की जाएगी।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि PDA का अर्थ खुद सपा तय नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि जाति आधारित राजनीति करने वाली पार्टियों का हश्र बिहार में देखा जा चुका है।

आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन सक्रिय रहता है और हर चुनाव चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन पार्टी पूरी तरह तैयार रहती है।

बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां के नतीजे इसका प्रमाण हैं कि भाजपा के लिए कोई भी चुनाव असंभव नहीं है।

ब्राम्हण विधायकों के सम्मेलन पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्व समाज की पार्टी है, जो सभी वर्गों और जातियों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी एक जाति की पार्टी नहीं है।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Lucknow News: KGMU लव जिहाद केस, डॉक्टर रमीज के तीन ठिकानों पर कुर्की का नोटिस चस्पा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.