Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम से मोदी सरकार को जीएसटी सुधारों के लिए धन्यवाद, जनता ने कहा- ‘सरकार ने कर दिया कमाल’
Sandesh Wahak Digital Desk: आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में उठाए गए कदमों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को काशी विश्वनाथ धाम (वाराणसी) से धन्यवाद प्रेषित किया गया।
शुक्रवार को नमामि गंगे काशी क्षेत्र की ओर से आयोजित एक विशेष आयोजन में जन-उपयोगी जीएसटी सुधारों के लिए केंद्र सरकार की सराहना करते हुए, नागरिकों ने सरकार के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री काशी विश्वनाथ धाम के पवित्र प्रांगण में हुआ, जहां उपस्थित जनसमूह ने “हर हर महादेव”, “भारत माता की जय”, “मां गंगा की जय” और “मोदी सरकार अमर रहे” जैसे उद्घोषों से परिसर को गूंजायमान कर दिया।
राष्ट्रध्वज तिरंगा थामे नागरिकों ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बल देने की प्रतिज्ञा ली।
‘नए जीएसटी स्लैब आम आदमी के लिए राहतकारी’
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम वाराणसी के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा,
“प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए जीएसटी सुधार न सिर्फ मध्यम वर्ग को राहत देंगे, बल्कि किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के लिए भी बेहद फायदेमंद होंगे। इससे भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल कर सुधार नहीं है, बल्कि यह भारत को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाने की दिशा में एक निर्णायक पहल है।
इन कदमों से स्वदेशी से स्वावलंबन की भावना को नई ऊर्जा मिलेगी।
जनता का सरकार के प्रति आभार
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। “जनता बोली, मोदी सरकार ने कर दिया कमाल” जैसे नारों के साथ जनता ने केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।
आम लोगों ने भी माना कि ये कदम रोजमर्रा की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
उपस्थित प्रमुख लोग
आयोजन में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, नवनीत शर्मा, अभय सिंह, सुधा मिश्रा, शशांक यादव सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
सभी ने मिलकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के प्रति समर्थन और धन्यवाद व्यक्त किया।
रिपोर्ट- संतोष पांडेय
Also Read: Baliya News: भाजपा विधायक केतकी सिंह पर फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी, तीन गिरफ्तार

