Varanasi News: सिलेंडर ब्लास्ट से जमींदोज हुआ मकान, मलबे में दबकर सगे भाई-बहन की मौत, मां की हालत नाजुक

Varanasi News: धर्मनगरी वाराणसी के लहरतारा इलाके में मंगलवार की सुबह खुशियों की जगह चीख-पुकार में बदल गई। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच, जब घरों में नाश्ते और खाने की तैयारी चल रही थी, तभी स्वर्गीय आद्या प्रसाद के घर में रसोई गैस रिसाव के कारण भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि एक मंजिला पक्का मकान देखते ही देखते मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

हादसे के वक्त घर के अंदर आद्या प्रसाद की पत्नी गिरिजा देवी, उनकी 28 वर्षीय बेटी प्रीति और 30 वर्षीय बेटा ओम मौजूद थे। जैसे ही सिलेंडर फटा, मकान की छत और दीवारें सीधे इन लोगों के ऊपर आ गिरीं। धमाके की गूंज सुनकर आसपास के लोग बदहवास होकर अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

भाई-बहन ने मौके पर ही तोड़ा दम

स्थानीय लोगों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद जब मलबे को हटाया गया, तो मंजर देख सबकी आंखें नम हो गईं। मलबे में दबे भाई ओम और बहन प्रीति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उनकी मां गिरिजा देवी और परिवार के एक अन्य सदस्य को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। एक साथ दो जवान बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। एहतियात के तौर पर आसपास के पुराने मकानों को भी खाली करा लिया गया है। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाका सिर्फ गैस रिसाव से हुआ या इसके पीछे कोई और तकनीकी कारण था।

Also Read: ‘इंसानों को सामान की तरह बेचा जा रहा…’, IPL ऑक्शन पर भड़का ये भारतीय क्रिकेटर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.