Varanasi: MLA त्रिभुवन राम ने किया पावर सब-स्टेशन का भूमि पूजन, 25 गांवों को मिलेगी रोशनी

वाराणसी। चोलापुर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को मज़बूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। माननीय विधायक त्रिभुवन राम ने आज (मंगलवार) ताला गाँव में 10 एमवीए (MVA) क्षमता के एक नए पावर सब-स्टेशन का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही नियारडीह में 2×5 एमवीए क्षमता के एक अन्य 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ, जिसकी कुल लागत ₹3.20 करोड़ है।

विधायक राम ने घोषणा की कि ताला गांव का नया सब-स्टेशन मात्र 6 महीने में पूरी तरह चालू हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के कम-से-कम 25 गांवों के 10,000 से अधिक घरों को निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या से मुक्ति

इन दोनों नए उपकेंद्रों के शुरू होने से चोलापुर विद्युत उपकेंद्र का लोड लगभग 8 एमवीए कम हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के लगभग 8,500 उपभोक्ता सीधे नए उपकेंद्रों से जुड़ेंगे और करीब 35 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र की लो-वोल्टेज की पुरानी समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। 11 केवी फीडर की लाइनें कम होने से फाल्ट आने पर त्वरित मरम्मत संभव हो सकेगी, जिससे उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

आधुनिक केबलिंग और विकास कार्य

विधायक त्रिभुवन राम ने बताया कि ताला सब-स्टेशन मुख्य चोलापुर सब-स्टेशन से जोड़ा जाएगा। 12 किलोमीटर लंबी लाइन में से शुरुआती 4 किलोमीटर पूरी तरह अंडरग्राउंड केबलिंग से बनेगी, जबकि शेष 8 किलोमीटर ओवरहेड लाइन होगी। उन्होंने कहा, “शहरों के बाद अब गाँवों में पहली बार इतने बड़े स्तर पर यह सुविधा दी जा रही है।”

अन्य प्रमुख विकास कार्य जिनकी घोषणा हुई।

  • खेल स्टेडियम: ताला गांव में खेल स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री, खेल मंत्री एवं जिलाधिकारी को मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है।
  • सड़कें: 150 आबादी वाली मजरे को पक्की सड़कों से जोड़ने और जर्जर सड़कों के नवीनीकरण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं।
  • सुरक्षा: प्रमुख चौराहों पर रात में सुरक्षा के लिए हाई-मास्क लाइट लगाई जाएंगी।
  • भूमि पूजन कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता रामअवतार, अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Also Read: बरेली बवाल: मौलाना तौकीर रज़ा के 14 मुकदमों में आज ऑनलाइन सुनवाई, जमानत अर्जी पहले हो चुकी है खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.