Varanasi News: दारोगा की पिटाई के मामले में नया मोड़, गिरफ्तारी न होने पर नाराज परिजन धरने पर बैठे
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी कचहरी परिसर में दारोगा की पिटाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज़ घायल दारोगा के परिजन गुरुवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
परिजनों का आरोप है कि मामले की गंभीरता के बावजूद पुलिस प्रशासन जानबूझकर ढिलाई बरत रहा है और आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया।
धरना दे रहे परिजनों ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस कमिश्नर का बयान
पुलिस कमिश्नर वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मामले को लेकर बयान जारी किया। उन्होंने कहा:
“आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनका लोकेशन ट्रेस कर लिया गया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।
हमने इस मामले में सेंट्रल बार एसोसिएशन से भी सहयोग मांगा है, और वे पूरा सहयोग देने को तैयार हैं।”
घायल दारोगा की पत्नी ने जताई नाराजगी
धरने में मौजूद घायल दारोगा की पत्नी ने भी मीडिया से बात की। उन्होंने कहा:
“हमारे परिवार को न्याय नहीं मिल रहा। एक सरकारी अफसर के साथ खुलेआम मारपीट होती है और प्रशासन अब तक सिर्फ आश्वासन दे रहा है।
जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, हम पीछे नहीं हटेंगे।”
सेंट्रल बार एसोसिएशन से मांगा गया सहयोग
पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस मामले में सेंट्रल बार एसोसिएशन से सहयोग की आवश्यकता महसूस की गई है।
क्योंकि आरोपियों में कुछ अधिवक्ता भी शामिल बताए जा रहे हैं। एसोसिएशन ने इस मामले में संपूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: विश्वकर्मा पूजा के बीच चली बांके की धार, गर्भवती की मौत

