Varanasi News: एयरपोर्ट के विस्तार कार्य से बंद हुआ 10 दशक पुराना रास्ता, ग्रामीणों की बढ़ीं मुश्किलें
Varanasi News: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य ने आसपास के ग्रामीणों की राह मुश्किल कर दी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और निर्माण कार्य में लगी कंपनी ने गुरुवार को अचानक स्टेट हाईवे-98 का वह मार्ग बंद कर दिया, जिस पर ग्रामीण लगभग 10 दशकों से आवाजाही करते आ रहे थे।
ग्रामीणों को पड़ रहा 10–15 किमी का अतिरिक्त चक्कर
इस सड़क के बंद होने से कर्मी, बैकुंठपुर, धरमनपुर, मंगारी, गंगापुर, नहियां, नेवादा, गजेंद्र, बूंची, काशीपुर और चितईपुर समेत दर्जनों गांव के लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। खासतौर पर स्कूली बच्चों और बसों को अब 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। वहीं दूर-दराज जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह दूरी 25 किलोमीटर तक बढ़ गई है।
गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक हाईवे पर गेट लगाकर और गड्ढा खोदकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया। इससे पहले एक बोर्ड लगाया गया था, जिस पर लिखा था— “यातायात आयुक्त के आदेश से यह सड़क आवागमन के लिए बंद की जाती है।” स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना वैकल्पिक सड़क को सुचारु किए अचानक मुख्य मार्ग बंद कर देना, जनता के साथ अन्याय है।

नेताओं और प्रशासनिक अफसरों की एंट्री
मामले की जानकारी पर एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार, इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण सिंह और विधायक प्रतिनिधि पवन सिंह व शैलेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। वहीं मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी ग्रामीणों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा, इस विषय पर अधिकारी स्तर पर बातचीत होगी।

अधिकारियों की सफाई
स्टेट हाईवे-98 के एक्सीयन के.के. सिंह का कहना है कि लोगों के लिए डायवर्जन रोड दिया गया है। हालांकि यह गांव के भीतर से गुजरता है, जिससे असुविधा होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर उच्चाधिकारियों से बातचीत कर समाधान तलाशा जाएगा।
इधर, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द वैकल्पिक और सुगम मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया तो आंदोलन करना पड़ेगा।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: UP STF ने पकड़ा फर्जी भर्ती गैंग, युवाओं से ठगी कर रहे थे 5 आरोपी, दस्तावेज भी बरामद

