Varanasi News: अंतरराज्यीय गिरोह के 3 तस्कर गिरफ्तार, 10 पिस्तौल और मैगजीन बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने वाराणसी में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 10 अवैध पिस्तौल और 15 मैगजीन बरामद की गई हैं।

कैसे पकड़े गए तस्कर?
एसटीएफ को लगातार पूर्वांचल में अवैध हथियारों की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी के आधार पर, एसटीएफ की वाराणसी फील्ड इकाई ने सूचना जुटाई कि एक बड़ा तस्कर प्रशांत राय उर्फ जीतू भारी मात्रा में हथियार लेकर स्थानीय तस्करों से मिलने आने वाला है।
इस सूचना पर, एसटीएफ टीम ने मंगलवार को वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में फरीदपुर रिंग रोड अंडरपास के पास जाल बिछाया। यहां से तीन तस्करों, प्रशांत राय उर्फ जीतू, राहुल ठाकुर और मुकुंद प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 10 अवैध पिस्तौल और 15 मैगजीन मिली हैं।
मध्य प्रदेश से होती थी हथियारों की सप्लाई
पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रशांत राय ने बताया कि वह एक कुख्यात अपराधी है और उसका संपर्क खंडवा, मध्य प्रदेश के एक बड़े हथियार तस्कर विष्णु सरदार से है। प्रशांत राय विष्णु सरदार से एक पिस्तौल ₹20-25 हजार में खरीदता था और उसे यूपी तथा बिहार के सीमावर्ती जिलों में ₹40-50 हजार में बेचता था। वह अपने साथियों राहुल और मुकुंद को हर चक्कर के लिए ₹4-5 हजार देता था।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वाराणसी के सारनाथ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी से अवैध हथियारों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
Also Read: ‘पुरानी पेंशन लागू करो’ के नारों से गूंजा यूपी, सरकारी कर्मचारियों ने लखनऊ में किया जोरदार प्रदर्शन

