Varanasi News: कचहरी में अधिवक्ताओं का धरना, राज्य स्तर पर समर्थन और चर्चा तेज
Varanasi News: जिले में कचहरी मामले को लेकर अधिवक्ताओं और पुलिस प्रशासन के बीच तनाव के बीच रविवार को सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में एडीएम सिटी, सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्री उपस्थित रहेंगे।
हाल ही में अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमों के विरोध में सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत होकर कचहरी परिसर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की। कुछ समूह सुबह पुलिस आयुक्त कार्यालय में घुसने का प्रयास भी किया, जिसे वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने समझा-बुझाकर रोका।
काली पट्टी बांधकर विरोध जताया
बैठक में यह तय होगा कि सोमवार को आगे की रणनीति पर मंथन होगा और उसके बाद आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस आंदोलन में बनारस बार के साथ पूर्वांचल समेत कुल 60 बार एसोसिएशन का समर्थन भी मिला है। अधिवक्ताओं ने हाथों में हथकड़ी और बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
अधिवक्ताओं में काफी उबाल
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दुबे ने कहा कि दो दिन में निष्कर्ष नहीं निकला तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि अधिवक्ताओं में काफी उबाल है। उत्तर प्रदेश के संयुक्त बार संघ ने भी आंदोलन में समर्थन दिया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वकीलों और पुलिस के मामले में प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि वकीलों पर हुए हमलों और अपमानजनक व्यवहार के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो और वकीलों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
Also Read: Kanpur News: शातिर ठगों ने बैंक एटीएम बदलकर महिला से उड़ाए 1.46 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच

