Varanasi News: कर्ज के बोझ से टूटा एयरपोर्ट कर्मी, जहर खाने के दो दिन बाद तोड़ा दम

Varanasi News: लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट अथॉरिटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मनोज कुमार (निवासी नैनी, प्रयागराज) ने कर्ज और सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खा लिया था। दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जहर खाने से पहले बनाया वीडियो

मंगलवार दोपहर मनोज ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो बनाकर अपने मित्र को व्हाट्सएप पर भेजा था। वीडियो देखने के बाद मित्र ने परिवार को सूचना दी। खोजबीन के दौरान मनोज बेहोशी की हालत में एक मंदिर पर मिले। परिजन उन्हें तुरंत भोजूबीर स्थित इनफिनिटी केयर हॉस्पिटल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने गुरुवार को उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूदखोरों की प्रताड़ना से टूट गया मनोज

परिजनों के मुताबिक, पत्नी की बीमारी के दौरान मनोज ने सूदखोरों से कर्ज लिया था। लगातार बढ़ते ब्याज और दबाव से वह टूट गया। सूदखोरों ने उसका एटीएम, चेकबुक तक अपने कब्जे में ले लिया था और घर का कीमती सामान भी उठा ले गए थे। वीडियो में भी मनोज ने सूदखोरों की प्रताड़ना को ही अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

मनोज की निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही। उनकी पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी पत्नी का निधन कैंसर से हो गया। दो साल पहले उन्होंने तीसरी शादी की थी, जिससे उनकी एक साल की बेटी है। पहली पत्नी से एक बेटा और एक बेटी भी हैं।

फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मनोज ने दो दिन पूर्व जहर खाया था और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने सुनी लोगों की फरियाद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.