Varanasi News: उत्कृष्ट शिक्षण कार्य 2025 के लिए ‘अरविन्द’ सिंह हुए सम्मानित

Varanasi News: शिक्षक दिवस के अवसर पर डायट सारनाथ में आयोजित कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय धवकलगंज, ब्लॉक बड़ागाँव के शिक्षक अरविन्द कुमार सिंह को एक बार फिर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि अरविन्द को यह सम्मान लगातार पाँचवीं बार मिला है।

दस-दस शिक्षण वीडियो चुने गए थे

दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में उत्कृष्टता के आधार पर सभी ब्लॉकों से शिक्षकों के दस-दस शिक्षण वीडियो चुने गए थे। जांच के बाद हिन्दी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, विज्ञान और सामाजिक विषयों के कुल 90 शिक्षण वीडियो का प्रजेंटेशन किया गया।

इसमें अरविन्द कुमार सिंह को हिन्दी शिक्षण में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, कम्पोजिट विद्यालय हरेहूँ के शिक्षक विजय कुमार सिंह को विज्ञान शिक्षण में तृतीय स्थान मिला।

कार्यक्रम में विभिन्न ब्लॉकों से आए प्रतिभागियों में अब्दुर्रहमान, जटाशंकर, संदीप कुमार यादव, अरुण कुमार प्रजापति, फरीन जहां, नीलम केशरी, नीलम पाठक, कमलेश कुमार पाण्डेय सहित कई एआरपी, एसआरजी और डायट प्रवक्ता भी मौजूद रहे।

पेन भेंटकर सम्मानित किया

डीएलएड प्रशिक्षुओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। सभी प्रतिभागियों को डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल ने प्रशस्तिपत्र, डायरी और पेन भेंटकर सम्मानित किया।

अरविन्द सिंह की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके विद्यालय का मान बढ़ाया बल्कि यह साबित किया कि लगन और मेहनत से शिक्षण क्षेत्र में लगातार उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: सिद्धार्थनगर के 7 कनिष्ठ सहायकों को मिलेगी नौकरी, CM योगी देंगे नियुक्ति पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.